अलीगढ़

नवरात्रि में रूबी खान ने स्थापित की देवी मां की मूर्ति, हेटर्स को कही ये बात

भाजपा की जय गंज मंडल की उपाध्यक्ष रूबी खान ने नवरात्रि के अवसर पर अपने घर में 9 दिनों के लिए मां दुर्गा की मूर्ति की स्थापना की है। उनका कहना है कि वह 9 दिनों तक व्रत भी रखेंगी।

2 min read
Sep 27, 2022
Ruby Khan installed idol of Mother Goddess in Aligarh during Navratri

भाजपा नेता रूबी खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने नवरात्रि के अवसर पर अपने घर में 9 दिनों के लिए मां दुर्गा की मूर्ति की स्थापना की है। नवरात्रि के पहले दिन वह अपने पति आसिफ खान के साथ मां दुर्गा की मूर्ति बाजार से खरीद कर लाईं और उसे पूरे विधि-विधान के साथ अपने घर में स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन पर कई हमले होते रहे हैं, फतवे भी जारी हुए हैं। लेकिन वह इन सब चीजों से नहीं डरतीं और वह अपना काम करती रहेंगी। उन्होंने फतवा जारी करने वालों को कहा कि यह हिंदुस्तान है, संभल जाएं वर्ना आगे बहुत नुकसान होगा।

रूबी खान के खिलाफ जारी हुआ था फतवा

बता दें कि इससे पहले भाजपा की जय गंज मंडल की उपाध्यक्ष रूबी खान ने अपने घर में भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित की थी। जिससे वह कई मौलानाओं के निशाने पर आ गई थी। उनके खिलाफ कई फतवे भी जारी किए गए थे लेकिन वह इससे नहीं डरी और न ही पीछे हटीं। उन्होंने पूरे सात दिनों तक भगवान गणेश की मूर्ति को अपने घर पर रखा और फिर पूरे विधि-विधान के साथ नरौरा जाकर मूर्ति का विसर्जन किया। वहीं सोमवार से नवरात्रि शुरू हो गई है। ऐसे में उन्होंने इस बार अपने घर में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की है। उनका कहना है कि वह 9 दिनों तक व्रत भी रखेंगी।

देश में चैन, सुकून, अमन शांति के लिए प्रार्थना की

मीडिया से बात करते हुए रूबी ने कहा कि आज मैंने 9 दिनों के लिए दुर्गा माता रानी की मूर्ति की स्थापना की है। मेरे मन में पूजा अर्चना की शुरू से ही आस्था है। मैं सभी तरह के त्योहार मनाती आई हूं। मुझे अच्छा लगता है कोई भेदभाव ना रहे किसी के भी बीच। हिंदू मुस्लिम सब एक रहें। मैंने माता रानी से प्रार्थना की है कि इस देश में चैन, सुकून, अमन शांति इसी तरीके से रहे। सारे भेदभाव खत्म हो जाए। मैं अल्लाह ताला से यही दुआ करुंगी कि भेदभाव खत्म हो और ऐसे मौलवी जो पूरे देश को बर्बाद करना चाहते हैं, उन को भगवान समझा दें।

Published on:
27 Sept 2022 09:48 am
Also Read
View All