अलवर

राजस्थान में ताइक्वांडो खिलाड़ी और कथावाचक समेत 3 दोस्तों की मौत, आपसी रंजिश का आरोप

अलवर के मोतीनगर में शनिवार रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन दोस्तों जितेंद्र राजपूत (21), ताइक्वांडो खिलाड़ी युवराज सैनी (22) और कथावाचक हिमांशु शर्मा (21) को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
2 min read
Sep 13, 2026
3 friends including taekwondo player narrator die
मृतक हिमांशु, युवराज और जितेद्र (पत्रिका फोटो)

Alwar Road Accident: अलवर के मोतीनगर कॉलोनी में शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बाइक को टक्कर मारने के बाद कार नाले की दीवार से जा टकराई। हादसे के बाद चालक कार को कुछ दूर तक भगाकर ले गया और फिर उसे छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान जितेन्द्र राजपूत उर्फ छोटू (21) पुत्र बजरंग सिंह निवासी चोर डूंगरी, युवराज सैनी (22) पुत्र नेमीचंद सैनी निवासी तहसीलदार कॉलोनी, चोर डूंगरी और हिमांशु शर्मा (21) पुत्र धर्मेंद्र शर्मा निवासी अयप्पा मंदिर के सामने, काला-कुआं के रूप में हुई है। तीनों बाइक पर सवार होकर मोतीनगर से काली मोरी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

कार जिसने बाइक को टक्कर मारी

रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे तीनों

तीनों युवक बचपन के दोस्त थे और किसी रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। जितेन्द्र तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह और युवराज होटल में काम करते थे। युवराज ताइक्वांडो खिलाड़ी था और उसकी एक बहन है। वहीं हिमांशु शर्मा कथावाचक था।

हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक

आपसी रंजिश का आरोप, पुलिस ने नहीं की पुष्टि

हादसे के पीछे आपसी रंजिश की बातें भी सामने आ रही हैं। मृतक युवराज के परिजनों का आरोप है कि उनके मोहल्ले में कुछ युवकों से रंजिश चल रही थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि इस घटना के पीछे कहीं न कहीं उनका हाथ हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने आपसी रंजिश से जुड़े आरोपों की अभी कोई पुष्टि नहीं की है।

अस्पताल में हिमांशु के परिजन और हादसे के बाद जितेंद्र के परिजन

कार में 4-5 लोग सवार होने की बात

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कार में 4-5 लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार, कार सचिन मीणा के नाम पर रजिस्टर्ड है। उसका मोबाइल नंबर फिलहाल बंद आ रहा है। हालांकि हादसे के समय कार कौन चला रहा था, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
13 Sept 2026 08:44 am
Published on:
13 Sept 2026 08:44 am