
गुजरात से आई मां केतनी बेन और उनकी मृतक तीनों नातिन (पत्रिका फोटो)
Jaipur Govind Vatika Murder Case: राजधानी जयपुर के कालवाड़ रोड स्थित गोविंद वाटिका में हुए जघन्य हत्याकांड के बाद गुजरात से जयपुर पहुंची मृतका गीता की मां केतकी बेन का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ बेटी और तीन नातिनों (नंदिनी, राधिका और गिरिशा) की अर्थियां उठतीं देख केतकी बेन की चीख निकल पड़ी। उन्होंने कहा, मेरा तो संसार उजड़ गया। मृतका के पीहर पक्ष ने आरोप लगाया कि उन्हें वारदात की सूचना तक नहीं दी गई।
23 वर्ष पूर्व शादी के बंधन में बंधी गीता के ससुराल में प्रताड़ित किए जाने का भी परिजन आरोप लगा रहे हैं। एक ही झटके में परिवार की चार जिंदगियां खत्म होने से हर आंख नम है। वहीं, परिजन पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और हत्या की असली वजह सामने लाने की मांग कर रहे हैं। पड़ोसियों का कहना है कि वह यहां सात साल से रह रहे हैं। लेकिन कभी ऐसा नहीं लगा कि इनके बीच मारपीट या गृहक्लेश चल रहा है।
गुजरात से आए गीता के भाई जगदीश, पीयूष, ललित, सतीश और नितिन शर्मा ने इस सामूहिक हत्याकांड पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
संदिग्ध भूमिकाः परिजन का कहना है कि आरोपी राहुल झा ने वारदात की रात अचानक अपने पिता को कमरे के बजाय हॉल में सुलाया और हत्याओं के बाद उन्हें चाय भी पिलाई। जब पत्नी और तीनों बेटियों को मौत के घाट उतार दिया, तो पिता को क्यों छोड़ दिया?
कर्ज का तर्क खारिजः मृतका के भाइयों के अनुसार आरोपी पर कर्ज जरूर था, लेकिन उसके पास तीन प्लॉट व एक मकान हैं जिन्हें बेचकर कर्ज चुकाया जा सकता था।
आखिरी बातचीतः 10 सितंबर को नातिन नंदिनी ने नानी केतकी को वीडियो कॉल कर 'बाद में बात करने' को कहा था। गीता ने भी वीडियो कॉल किया और कहा कि खाना खाने के बाद फोन करती हूं। लेकिन बाद में किसी ने कॉल नहीं किया।
अचानक गुजरात दौराः वारदात से पांच दिन पहले आरोपी राहुल अकेले गुजरात आया था, वह काफी गुमसुम था और साड़ी देकर तुरंत लौट आया था।
घटना जयपुर के करधनी क्षेत्र में 11 सितंबर की सुबह सामने आई थी। एक ही परिवार की गीता देवी (40) और उनकी तीन बेटियों नंदिनी (22), राधिका (17) और गिरिशा उर्फ गोरी (14) के शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले। चारों के सिर पर चोट के निशान थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे गीता के पति राहुल कुमार झा (45) की भूमिका सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, वारदात से पहले रात करीब 1:30 बजे गीता की गुजरात में रहने वाले अपने पीहर पक्ष से मोबाइल पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद पति-पत्नी के कमरे में कहासुनी और संघर्ष होने की आशंका है। जांच में सामने आया कि राहुल ने पहले गीता पर हमला किया और इसके बाद सो रही तीनों बेटियों पर भी हमला कर दिया।
पुलिस को आशंका है कि राहुल ने घर के सामने निर्माणाधीन भूखंड से सीमेंट की दो मोटी ईंटें लाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद उसने कपड़े बदले, सुबह करीब 7 बजे दूध लिया और अपने पिता को चाय बनाकर दी। इसके बाद वह मोबाइल घर पर छोड़कर फरार हो गया।
सुबह करीब 9 बजे तक बहू और पोतियां नहीं उठीं तो राहुल के पिता उन्हें देखने गए। घर के अलग-अलग कमरों में चारों के खून से लथपथ शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती जांच में शेयर बाजार में भारी नुकसान और पति-पत्नी के बीच गृह क्लेश को वारदात की संभावित वजह माना जा रहा है।
Updated on:
13 Sept 2026 08:06 am
Published on:
13 Sept 2026 08:06 am
