Families Will Relocate In Alwar: सरिस्का टाइगर रिजर्व के अंतर्गत 300 से अधिक परिवारों को तिजारा और अन्य स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा। इनमें से सुकोला गांव के 43 परिवार पहले से ही शिफ्ट होने के लिए तैयार हैं। इन परिवारों को 6 बीघा जमीन, 500 वर्ग मीटर का आवासीय भूखंड और 3.75 लाख रुपए का मुआवजा दिया है।
Good News For Sariska: सरिस्का टाइगर रिजर्व में रह रहे सुकोला गांव के 43 परिवार तिजारा में शिफ्ट होने के लिए तैयार हो गए हैं। इस गांव के शिफ्ट होने से करीब 40 हेक्टेयर एरिया खाली हो जाएगा, जिससे वन्यजीवों को लाभ मिलेगा।
यह सरिस्का का पहला ऐसा गांव है, जिसमें एक परिवार को छोड़कर सभी शिफ्ट हो रहे हैं। सरकार ने मुआवजे में प्रत्येक परिवार को 6 बीघा जमीन और 500 वर्ग मीटर का आवासीय भूखंड दिया गया है।
आवास बनाने के लिए 3.75 लाख रुपए भी दिए गए हैं। कुल मिलाकर 43 परिवारों को 258 बीघा जमीन का आवंटन किया गया है। इनमें कई परिवारों ने अपने नए ठिकाने पर आवास निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
सरिस्का में 29 गांव हैं। यहां के 11 में से 6 गांवों को पूरी तरह शिफ्ट कर दिया गया है और 5 गांवों को खाली कराने की प्रक्रिया चल रही है। सुकोला गांव में एक परिवार शिफ्ट होने को तैयार नहीं है।
इस परिवार में 6 सदस्य हैं, जिसमें सरिस्का प्रशासन 5 को मुआवजा देने के लिए तैयार है, लेकिन परिवार के सदस्य 15 व 16 साल के दो सदस्यों का अलग से मुआवजा मांग रहे हैं, जो सरिस्का के नियमों में नहीं है। इसके लिए 21 साल की आयु जरूरी है। ऐसे में यह परिवार अभी शिफ्ट नहीं हो रहा।
सरिस्का के नाथूसर गांव को पिछले साल शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। करीब 200 परिवार तिजारा में शिफ्ट किए गए, लेकिन अभी सौ परिवार शिफ्ट नहीं हो पाए। कुछ परिवार चाहते हैं कि उन्हें बानसूर में जमीन दी जाए। बानसूर अब कोटपूतली-बहरोड़ जिले में है। सरिस्का प्रशासन ने रेवेन्यू विभाग से जमीन मुहैया कराने की मांग रखी है।
सुकोला गांव की शिफि्टंग शुरू हो गई है। 43 परिवार तिजारा में आवास बनाने लगे हैं। एक परिवार अभी सहमत नहीं है। यह परिवार नाबालिग बच्चों के लिए भी मुआवजे की मांग कर रहा है। नियमों में ऐसा नहीं है। नाथूसर के कुछ परिवारों के लिए बानसूर में जमीन देखी जा रही है।
जगदीश दहिया, डीएफओ विस्थापन, सरिस्का