अलवर शहर से सटे एक ग्रामीण थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती का शारीरिक शोषण करने और बाद में विषाक्त पदार्थ पिलाकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है।
अलवर शहर से सटे एक ग्रामीण थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती का शारीरिक शोषण करने और बाद में विषाक्त पदार्थ पिलाकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। युवती की मौत के बाद उसके भाई ने कोर्ट में इस्तगासा प्रस्तुत कर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
परिवादी भाई ने बताया कि आरोपी युवक ने उसकी बहन को प्रेमजाल में फंसाकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया। आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती की अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए, जिनके आधार पर वह लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा। डर और सामाजिक बदनामी के कारण युवती उसकी प्रताड़ना सहती रही।
परिवादी के अनुसार 15 नवंबर 2025 को जब परिवार के सदस्य खेत से घर लौटे, तो युवती घर में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे, जिससे किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई गई। परिजनों ने बताया कि इससे पहले आरोपी युवक युवती को एक स्थान पर बुलाकर बाइक से अपने साथ ले गया था। रास्ते में युवती ने उससे शादी की बात की तो आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में विषाक्त पदार्थ मिलाकर जबरन पिला दिया और उसे गांव में छोड़कर फरार हो गया।
युवती की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए सामान्य अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जब परिजनों ने युवती का मोबाइल चेक किया तो आरोपी युवक की 35 मिस्ड कॉल्स पाई गईं। परिवादी ने बताया कि आरोपी से जब इस संबंध में सवाल किया गया, तो उसने परिजनों को भी जान से मारने की धमकियां दीं। फिलहाल कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।