
अलवर में खेरली कस्बे के पास छीतरसिंह का नंगला स्थित गालाखेड़ा-सौंखरी की पहाड़ियों में अवैध खनन का सिलसिला जारी है। यह क्षेत्र वन विभाग के अधीन आता है, इसके बावजूद यहां पहाड़ियों से लगातार पत्थर निकाले जा रहे हैं। हालात यह हैं कि सुबह होते ही पत्थरों से भरे ट्रैक्टरों की आवाजाही शुरू हो जाती है। एक के बाद एक ट्रैक्टर निकलने से रास्तों पर वाहनों की कतार लग जाती है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इन पहाड़ियों में लंबे समय से खनन गतिविधियां चल रही हैं। लगातार पत्थर निकाले जाने से पहाड़ियों का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस क्षेत्र को प्राकृतिक धरोहर के रूप में संरक्षित किया जाना चाहिए, वहां खुलेआम पत्थरों का दोहन हो रहा है। इससे अरावली की पहाड़ियों और आसपास के पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
पहाड़ियों से पत्थर भरकर निकलने वाले ट्रैक्टर दिनभर सड़कों पर दौड़ते रहते हैं। इससे ग्रामीणों को अपने रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में दिक्कत होती है। रास्तों पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन क्षेत्र में प्रभावी निगरानी नहीं होने से खनन करने वालों के हौसले बढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो पहाड़ियों को और नुकसान हो सकता है।
ग्रामीणों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से गालाखेड़ा-सौंखरी की पहाड़ियों का निरीक्षण कराने और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि वन क्षेत्र में इस तरह पत्थरों का दोहन रोकने के लिए नियमित निगरानी और वाहनों की आवाजाही पर रोक जरूरी है।
लक्ष्मणगढ़ के क्षेत्रीय वन अधिकारी इंद्रजीत चौधरी ने कहा कि यदि गालाखेड़ा-सौंखरी की पहाड़ियों में अवैध खनन हो रहा है तो विभाग की ओर से जल्द मौके पर कार्रवाई की जाएगी। मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
वहीं वनपाल नरेंद्र गुर्जर ने बताया कि छीतरसिंह का नंगला, सौंखरी और गालाखेड़ा सहित आसपास के वन क्षेत्रों में नियमित गश्त की जा रही है। खनन में लगे वाहनों को रोकने के लिए जगह-जगह खाइयां भी खुदवाई गई हैं। विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और अवैध खनन पर रोक लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।