
अलवर में आज रविवार होने के बावजूद सरकारी बैंक खुले हुए हैं। सामान्य तौर पर रविवार को बैंक शाखाओं में छुट्टी रहती है, लेकिन 27 सितंबर को विशेष रूप से बैंक खोले गए हैं। इसका मकसद ग्राहकों को अगले तीन दिनों की प्रस्तावित बैंक हड़ताल से पहले जरूरी काम निपटाने का मौका देना है। केंद्र सरकार की घोषणा के बाद सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक आज सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
अलवर शहर में भगत सिंह सर्किल, अंबेडकर सर्किल सहित अन्य जगहों पर एसबीआई, पीएनबी की शाखाएं खुली। ऐसे में अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई काम कई दिनों से पेंडिंग है तो उसे आज ही पूरा कर लेना बेहतर रहेगा। नकद जमा या निकासी, चेक से जुड़े काम, खाते से संबंधित जरूरी प्रक्रिया और अन्य शाखा आधारित सेवाओं के लिए आज बैंक जाने का मौका है। आरबीआई की मंजूरी के तहत बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को भी 27 सितंबर को संचालित रखने की व्यवस्था की गई है।
बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इस हड़ताल का प्रमुख मुद्दा बैंक कर्मचारियों के लिए पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करना है। यूनियनों की मांग है कि सभी शनिवार को छुट्टी घोषित करने के साथ पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू की जाए।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) का कहना है कि वह बैंकिंग कर्मचारियों के बड़े हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सात बैंक यूनियनों से जुड़े संगठन करीब 90 प्रतिशत बैंकिंग कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करते हैं। यूनियनों ने सरकार से पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की निश्चित तारीख घोषित करने की मांग की है।
हड़ताल को देखते हुए वित्तीय सेवा विभाग और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन समेत बैंक प्रबंधन की ओर से यूनियनों से हड़ताल टालने की अपील की गई है। हालांकि, यूनियनों ने फिलहाल हड़ताल वापस लेने से इनकार किया है। सरकार की ओर से पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था का प्रस्ताव विचाराधीन बताया गया है, लेकिन इसकी कोई निश्चित समयसीमा नहीं दी गई है।
हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं का कामकाज प्रभावित हो सकता है, लेकिन एटीएम, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं जारी रहने की उम्मीद है। हालांकि चेक क्लियरेंस और शाखा से जुड़े कुछ कामों में देरी हो सकती है। इसलिए जरूरी शाखा संबंधी काम के लिए आज का दिन ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण है।