अलवर

Alwar: सिर्फ हॉर्न बजाने पर पत्थर से कूचकर कर दी थी हत्या, आरोपी जेल भेजा गया

अलवर के बड़ौदामेव में थाने के सामने बाइक सवार सकून की पत्थर मारकर हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में आरोपी हर्ष ने बताया कि बाइक सवार के हॉर्न बजाने पर उसे अचानक गुस्सा आया और उसने पत्थर से हमला कर दिया। आरोपी को शनिवार को जेल भेज दिया गया।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
alwar barodamev murder
आरोपी हर्ष व प्रदर्शन करते लोग। फोटो: पत्रिका

अलवर के बड़ौदामेव में थाने के सामने बाइक सवार सकून (40) पुत्र नसरू की पत्थर मारकर हत्या के मामले में पूछताछ के दौरान वारदात की वजह सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी हर्ष (21) ने बताया कि बाइक सवार के हॉर्न बजाने पर उसे गुस्सा आ गया था। इसी दौरान उसने सकून पर पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद सकून सड़क पर गिर गया। आरोपी ने इसके बाद उसके सिर पर पत्थर से 4-5 वार किए।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कोर्ट ने आरोपी की मानसिक स्थिति की जांच कराने के लिए जेल अधीक्षक को भी निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले में वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

थाने के सामने हुआ था हमला

बड़ा बास गांव निवासी सकून बड़ौदामेव बाजार आया था। वह बाइक से जा रहा था और इसी दौरान बड़ौदामेव थाने के सामने आरोपी हर्ष ने उस पर हमला कर दिया। सड़क पर पड़े पत्थर से सिर पर वार किए जाने के बाद सकून गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे अलवर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की पुष्टि करने वाली शुरुआती रिपोर्टों में भी पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

हत्या के बाद लोगों ने किया था प्रदर्शन

घटना के बाद सकून के परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। बड़ी संख्या में लोग बड़ौदामेव थाने और अलवर जिला अस्पताल के बाहर जमा हुए। लोगों ने अलवर-भरतपुर मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को संविदा पर सरकारी नौकरी, थाने के स्टाफ को निलंबित करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। घटना के दौरान पुलिस को आसपास के थानों से अतिरिक्त जाब्ता और क्यूआरटी बुलानी पड़ी थी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से समझाइश कर स्थिति संभाली थी।

पहले थाने लाया गया था आरोपी

मामले में यह बात भी सामने आई थी कि घटना से पहले आरोपी हर्ष को पुलिस थाने लेकर आई थी। उसके पिता से विवाद और मारपीट की बात भी सामने आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से यह आरोप लगाया गया था कि थाने से निकलते समय हर्ष ने पुलिसकर्मियों से कहा था कि उसे क्यों छोड़ा जा रहा है और वह बाहर जाकर हत्या करेगा। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं हुई है। अब पुलिस पूछताछ में आरोपी की ओर से हॉर्न बजाने से गुस्सा आने की बात बताई गई है। मामले की जांच जारी है।

Updated on:
27 Sept 2026 12:03 pm
Published on:
27 Sept 2026 12:03 pm