अलवर

Alwar News: सरकार के 12 साल पूरे होने पर प्रदर्शनी का आयोजन, शहरी सेवा शिविर का शुभारंभ

केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर '12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के' तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव और वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया।

2 min read
Jun 12, 2026
shahari seva shivir
शिविर में लाभार्थी को सर्टिफिकेट देते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव (फोटो - पत्रिका)

केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर '12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के' तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। अलवर जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (PRO ऑफिस) के साझा सहयोग से इस खास प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत बेहद अनूठे और सांस्कृतिक अंदाज में हुई। उद्घाटन के मौके पर पद्मश्री से सम्मानित भपंग वादक ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी और लोकगीतों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई। इसके साथ ही वहां मौजूद अतिथियों के सामने 'पंच गौरव खेल' के तहत कुश्ती का एक लाइव डेमो भी पेश किया गया, जिसने समारोह में समां बांध दिया।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है: भूपेंद्र यादव

इस दौरान केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में तरक्की के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। सरकार ने गरीब कल्याण से लेकर महिला सशक्तिकरण तक और युवाओं के सपनों को पंख देने से लेकर भारत की ऐतिहासिक व गौरवशाली विरासत को संजोने तक हर मोर्चे पर शानदार काम किया है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और विकास की यह अनवरत यात्रा भारत को पूरी संकल्प शक्ति के साथ दुनिया का एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा रही है।


शहरी सेवा शिविर का शुभारंभ

इस दौरे के दौरान अलवर को एक और बड़ी सौगात मिली। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा और अलवर जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने संयुक्त रूप से नगर निगम और नगर विकास न्यास (UIT) परिसर में आयोजित होने वाले ‘शहरी सेवा शिविर 2026’ का भी फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। मंत्रियों और जिला कलेक्टर ने शिविर में लगाए गए विभिन्न काउंटरों का अवलोकन किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रदर्शनी का आयोजन


लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र, आम जनता को मिलेगी राहत

नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिविर के पहले ही दिन कई सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने आए लाभार्थियों को खुद अपने हाथों से जरूरी प्रमाण-पत्र सौंपे। प्रमाण-पत्र पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। मंत्रियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले हर एक नागरिक की समस्या का संवेदनशीलता के साथ मौके पर ही निपटारा किया जाए, ताकि आम जनता को इस अभियान का शत-प्रतिशत और सीधा फायदा मिल सके।

Published on:
12 Jun 2026 03:32 pm