
चेन तोड़कर भाग रहा था
अलवर/भिवाड़ी. उद्योग नगरी में शनिवार को फूलबाग थाने में पदस्थ महिला हैड कांस्टेबल के गले से चेन तोडऩा चेन स्नेचर को भारी पड़ गया। लेडी सिंघम ने खुद चेन स्नेचर का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे दबोच लिया। आरोपित को यह नहीं पता था कि जिस महिला कांस्टेबल की वह चेन तोड़कर भाग रहा है, वह कुश्ती और दौड़ में अव्वल रह चुकी है। अपनी इसी खूबी पर वह गैलेंट्री प्रमोशन से कांस्टेबल से हैडकांस्टेबल बनी है।
महिला हैड कांस्टेबल कविता ने बताया कि शनिवार को वह सिविल ड्रेस में स्कूटी पर सवार होकर बाबा मोहनराम मंदिर से ड्यूटी कर वापस फूलबाग थाने आ रही थी। जब वो भिवाड़ी मोड के पास पहुंची, तभी बाइक सवार एक युवक ने उनके गले से सोने की चेन तोड़ ली। पहले कविता ने शोर मचाया। चेन स्नेचर के नहीं रुकने पर उसने आरोपित को पकडऩे की ठानी और उसका पीछा किया। कविता ने बताया कि पीछा करने के दौरान उसकी स्कूटी सेंट्रल मार्केट के पास स्लिप हो गई। इससे उसके हाथ और पैर में चोटें आई। इस पर भी उसने हिम्मत नहीं हारी और चोटों की परवाह किए बिना पैदल ही आरोपी का पीछा करना शुरू किया। उसने आरोपी की बाइक के पीछे दौड़ लगाना शुरू किया। इसी दौरान चेन स्नैचर की बाइक घबराहट में एक कार से जा टकराई। इससे चेन स्नेचर बाइक से गिर पड़ा। कविता ने हिम्मत दिखाते हुए चेन सहित आरोपी सोनू पुत्र भूषण (25) हाल निवासी धारूहेड़ा को मौके पर पकड़कर घटना की पूरी जानकारी थाने में दी। मौके पर पहुंची फू लबाग थाना पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाई। महिला पुलिसकर्मी की बहादुरी पर थानाधिकारी विक्रांत शर्मा सहित थाने के स्टाफ ने कविता की प्रशंसा की और उसकी शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने कविता का मेडिकल कराकर आरोपित से पूछताछ शुरू कर दी है।