अलवर

Alwar Cyber Crime: ठगों को कमीशन पर देते थे बैंक खाते, पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार 

Cyber Crime: राजस्थान के अलवर में पुलिस ने ठगों को कमीशन पर बैंक खाते (म्यूल अकाउंट) उपलब्ध कराने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से मोबाइल, सिम और एटीएम बरामद हुए हैं, जिससे बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।

2 min read
Jun 11, 2026
Alwar Cyber Crime
representative picture (patrika)

Cyber Crime: आजकल ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन ठगों के पीछे कुछ ऐसे लोग भी होते हैं जो इन्हें बैंक खाते किराए पर देते हैं? अलवर पुलिस ने ऐसे ही तीन आरोपियों को दबोचा है जो सीधे तौर पर साइबर अपराधियों की मदद कर रहे थे। पुलिस ने अलग-अलग थानों में तीन केस दर्ज कर इन आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, एक एटीएम कार्ड और एक चेक बुक जब्त की है।

अलग-अलग मामलों में पूछताछ

अलवर के एसपी सुधीर चौधरी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अरावली विहार, नौगावां और लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस ने मिलकर इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 21 साल के यांशु सैनी, 20 साल के गोविंदा और 21 साल के मुजाईद खान के रूप में हुई है। ये सभी उम्र में भले ही कम हैं, लेकिन इनके कारनामे बेहद शातिर हैं। फिलहाल तीनों से अलग-अलग मामलों में पूछताछ की जा रही है।

ऐसे होता था था 'कमीशन' वाला खेल

साइबर अपराध की भाषा में जिन खातों का इस्तेमाल ठगी का पैसा मंगाने और छिपाने के लिए किया जाता है, उन्हें 'म्यूल अकाउंट' कहते हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये तीनों आरोपी साइबर ठगों के लिए नए-नए बैंक खाते खुलवाते थे और उन्हें खुद ऑपरेट करते थे। जब भी ठग किसी आम इंसान से ऑनलाइन धोखाधड़ी करते थे, तो वे ठगी की रकम सीधे इन्हीं खातों में ट्रांसफर करवाते थे। ऐसा इसलिए किया जाता था ताकि मुख्य अपराधियों की असली पहचान और लोकेशन पुलिस की नजरों से छिपी रहे।


कमीशन का खेल

पुलिस के मुताबिक ये आरोपी ठगी के पैसों को बैंक खातों, गूगल पे (Google Pay) और फोनपे (PhonePe) जैसे डिजिटल पेमेंट ऐप्स के जरिए इधर से उधर ट्रांसफर करते थे। जैसे ही पैसा खाते में आता, ये अपना तय कमीशन काट लेते थे और बाकी की मोटी रकम कैश निकालकर या डिजिटल तरीके से मुख्य साइबर ठगों तक पहुंचा देते थे। इस तरह ये आरोपी अपराधियों के काले धन को सफेद करने और उनके लेन-देन को आसान बनाने का काम कर रहे थे। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि इन्होंने अब तक कितने लोगों के खाते ठगों को बेचे हैं।

Published on:
11 Jun 2026 11:51 am