
e-Pathshala: सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने ई-पाठशाला कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत विद्यार्थियों को घर बैठे नि:शुल्क लाइव कक्षाओं से पढ़ाई करने का मौका मिलेगा। कक्षाएं सोमवार से शुक्रवार तक शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होंगी।
शिक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की पढ़ाई को मजबूत करना और स्कूल के बाद भी उन्हें विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराना है। प्रत्येक लाइव कक्षा की अवधि करीब 40 से 45 मिनट रहेगी। विद्यार्थी मोबाइल या अन्य डिजिटल माध्यम से इन कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे।
कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी विषय की लाइव कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को बोर्ड और वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी।
वहीं कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित की कक्षाएं होंगी। कला वर्ग के विद्यार्थियों के लिए इतिहास, भूगोल और राजनीति विज्ञान के साथ अनिवार्य विषय अंग्रेजी की कक्षाएं भी संचालित की जाएंगी।
ई-पाठशाला की खास बात यह है कि विद्यार्थी लाइव कक्षा छूट जाने पर भी उसे बाद में देख सकेंगे। लाइव कक्षाओं का प्रसारण मिशन ज्ञान ऐप और ई-कक्षा यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया जाएगा। कक्षा पूरी होने के बाद उसकी रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध रहेगी।
इससे विद्यार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार कक्षा दोबारा देखने का मौका मिलेगा। किसी विषय या टॉपिक को समझने में परेशानी होने पर विद्यार्थी रिकॉर्डेड कक्षा देखकर उसे फिर से समझ सकेंगे।
विद्यार्थियों को रोजाना होने वाली लाइव कक्षाओं के लिंक सुबह ही उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इसके साथ ही संबंधित कक्षा के नोट्स और समरी शीट भी विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएगी।
लाइव कक्षाओं के लिंक, नोट्स और समरी शीट ई-पाठशाला के व्हाट्सएप चैनल तथा स्कूल के स्मार्ट व्हाट्सएप ग्रुप पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को शाम की कक्षाओं से पहले ही यह जानकारी मिल जाएगी कि किस समय कौन सा विषय पढ़ाया जाना है।
शिक्षा विभाग की ओर से शुरू की गई इस व्यवस्था से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को नियमित कक्षा के अलावा डिजिटल माध्यम से अतिरिक्त पढ़ाई का अवसर मिलेगा। खासकर वे विद्यार्थी जो किसी विषय को दोबारा समझना चाहते हैं, रिकॉर्डेड कक्षाओं का भी उपयोग कर सकेंगे।
ई-पाठशाला से मेधावी विद्यार्थियों के साथ कमजोर विद्यार्थियों को भी पढ़ाई में मदद मिलेगी। संस्था प्रधानों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थी स्कूल के बाद भी विषय विशेषज्ञों की कक्षाओं का लाभ ले सकें - मनोज कुमार शर्मा, डीईओ माध्यमिक, अलवर