अलवर

Alwar: अलवर जिले के 12 निकायों में अब 1713 प्रत्याशी, आज मिलेंगे चुनाव चिह्न

अलवर जिले के 12 नगर निकायों में नाम वापसी का समय खत्म होते ही चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। कुल 440 उम्मीदवारों ने पर्चे वापस लिए, जिसके बाद 350 वार्डों में अब 1713 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। आज शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
2 min read
Sep 04, 2026
alwar elections
representative picture (patrika)

अलवर जिले की 12 नगर निकायों के लिए सियासी दंगल अब अपने सबसे दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। नामांकन वापसी के अंतिम दिन राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच भारी मान-मनौव्वल देखने को मिली। कई जगह बागियों को बैठाने में पार्टियां कामयाब रहीं, तो कई जगह कार्यकर्ताओं ने निर्दलीय ही ताल ठोक दी है। गुरुवार को नाम वापसी का समय खत्म होने तक कुल 440 प्रत्याशियों ने अपने पर्चे वापस खींच लिए। इसके बाद अब कुल 1713 उम्मीदवार चुनावी जंग में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

नगर निगम के 65 वार्डों में 344 चेहरे आमने-सामने

अलवर नगर निगम के 65 वार्डों में चुनावी मुकाबला काफी कड़ा होने जा रहा है। यहां से 102 दावेदारों ने अपने नाम वापस लिए हैं, जिसके बाद अब 344 प्रत्याशी मैदान में डटे हैं। नगर निगम प्रत्याशियों के लिए चुनाव चिह्नों का आवंटन शुक्रवार सुबह 10 बजे से मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 17 में किया जाएगा। चुनाव चिह्न मिलते ही प्रत्याशी पूरे दमखम के साथ घर-घर प्रचार और जनसंपर्क अभियान में उतरेंगे।

जानें किस निकाय में कितने प्रत्याशी लड़ रहे चुनाव

जिले की अन्य नगरपालिकाओं की बात करें तो नाम वापसी के बाद स्थिति इस प्रकार है।

  • गोविंदगढ़: 25 वार्डों में 36 नाम वापसी के बाद 142 प्रत्याशी
  • लक्ष्मणगढ़: 25 वार्डों में 48 नाम वापसी के बाद 140 प्रत्याशी
  • मालाखेड़ा: 25 वार्डों में 23 नाम वापसी के बाद 127 प्रत्याशी
  • थानागाजी: 25 वार्डों में 14 नाम वापसी के बाद 125 प्रत्याशी
  • बहादुरपुर: 25 वार्डों में 24 नाम वापसी के बाद 100 प्रत्याशी
  • कठूमर: 20 वार्डों में 22 नाम वापसी के बाद 76 प्रत्याशी
  • नौगांवा: 20 वार्डों में 35 नाम वापसी के बाद 74 प्रत्याशी
  • बड़ौदामेव: 25 वार्डों में 30 नाम वापसी के बाद 73 प्रत्याशी
  • रामगढ़: 25 वार्डों में 51 नाम वापसी के बाद 154 प्रत्याशी
  • राजगढ़: 25 वार्डों में 29 नाम वापसी के बाद 294 प्रत्याशी

खेरली में दो सीटों पर भाजपा निर्विरोध

खेरली नगरपालिका में 26 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे वापस लिए, जिससे वहां अब 64 प्रत्याशी चुनावी समर में हैं। खास बात यह रही कि खेरली के वार्ड नंबर 10 और वार्ड नंबर 17 में अन्य सभी उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया। इसके चलते इन दोनों वार्डों से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना पूरी तरह तय हो चुका है। शुक्रवार को चुनाव चिह्न मिलने के साथ ही प्रचार का शोर तेज हो जाएगा। प्रत्याशी पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया के जरिए वोटरों को साधने में पूरी ताकत झोंकेंगे।

Updated on:
04 Sept 2026 12:23 pm
Published on:
04 Sept 2026 12:23 pm