अलवर

Alwar News: चुनाव ड्यूटी से लौटे हेड कांस्टेबल की क्वार्टर में मौत, दिल का दौरा पड़ने की आशंका

करौली में पंचायत चुनाव की ड्यूटी पूरी कर मंगलवार देर रात अलवर लौटे हेड कांस्टेबल नरेश यादव की बुधवार को पुलिस क्वार्टर में मौत हो गई। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर साथी पुलिसकर्मी उनके क्वार्टर पहुंचे तो वे मृत मिले। 53 वर्षीय नरेश यादव का शव क्वार्टर के आंगन में पड़ा था।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 8:25 PM IST
Alwar Head Constable Death
Alwar: हेड कांस्टेबल नरेश यादव (फोटो- पत्रिका)

अलवर। राजस्थान के अलवर में पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में एक हेड कांस्टेबल का शव मिलने से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान 53 वर्षीय नरेश यादव के रूप में हुई है। वे करौली जिले में पंचायत चुनाव की ड्यूटी करने गए थे और मंगलवार देर रात ही ड्यूटी पूरी कर अलवर लौटे थे। बुधवार को उनके क्वार्टर में कोई हलचल नहीं दिखाई देने पर साथी पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। जांच करने पर वे मृत मिले। शुरुआती तौर पर दिल का दौरा पड़ने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही चल सकेगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय दीपक शर्मा ने बताया कि हेड कांस्टेबल नरेश यादव अलवर रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात थे। पंचायत चुनाव के चलते उनकी ड्यूटी करौली जिले में लगाई गई थी। मंगलवार को चुनाव ड्यूटी पूरी करने के बाद वे वापस अलवर पहुंचे थे। बुधवार को काफी देर तक उनके क्वार्टर में कोई हलचल नहीं हुई तो पुलिस लाइन के साथी कर्मचारियों को चिंता हुई। इसके बाद वे क्वार्टर में पहुंचे, जहां नरेश यादव मृत अवस्था में मिले।

क्वार्टर के आंगन में मिला शव

जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल का शव पुलिस लाइन स्थित उनके क्वार्टर के आंगन में मिला था। घटना की सूचना मिलने पर अखेपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया और जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने शव को मोर्चरी में रखवाया। बाद में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिवार में दो बेटे, गांव में पसरा मातम

नरेश यादव मूल रूप से अलवर जिले के मुंडावर क्षेत्र के शिवाली खुर्द गांव के रहने वाले थे। परिजन ऋषि के अनुसार, उनके परिवार में दो बेटे हैं। इनमें से एक बेटा नौकरी करता है, जबकि दूसरा घर पर ही रहता है। हेड कांस्टेबल की मौत की सूचना मिलते ही परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक की आशंका है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
18 Nov 2026, 8:25 PM IST
Published on: