अलवर

Alwar News: लिव-इन में रह रही युवती ने खाया जहर, सहेली को फोन कर कही ये बात

अलवर में में अपने प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक 25 वर्षीय तलाकशुदा युवती ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2 min read
Jul 19, 2026
suicide case
जिला अस्पताल (फोटो - पत्रिका)

अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र के बुध विहार इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां किराए के मकान में अपने प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक 25 वर्षीय तलाकशुदा युवती ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। तबीयत बिगड़ने पर युवती को आनन-फानन में पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जब वहां स्थिति काबू से बाहर हुई, तो उसे तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही शिवाजी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती के साथ रह रहे उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

6 महीने पहले हुआ था तलाक

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतका मूल रूप से हरियाणा के नूंह जिले के पुनहाना की रहने वाली थी। युवती की जिंदगी में पिछले कुछ समय से काफी उथल-पुथल चल रही थी। करीब छह महीने पहले ही उसका अपने पति रवि राजपूत से तलाक हुआ था। युवती के दो बच्चे भी हैं, जो फिलहाल अपने पिता के साथ ही रहते हैं।

तलाक के बाद युवती पिछले दो साल से अलवर के चूड़ी मार्केट में काम कर रही थी। इसी कामकाजी सिलसिले के दौरान उसकी मुलाकात सोनू नाम के युवक से हुई। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने साथ रहने का फैसला किया। इसके बाद वे बुध विहार में एक किराए का कमरा लेकर लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे।


सहेली को किया था आखिरी फोन

पुलिस की शुरुआती जांच में जो बात सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। बताया जा रहा है कि शनिवार को सोनू और युवती के बीच किसी बात को लेकर काफी गंभीर विवाद (कहासुनी) हुआ था। झगड़े के बाद मानसिक रूप से परेशान युवती ने अपनी एक सहेली शैली को फोन लगाया। युवती ने फोन पर रोते हुए अपनी सहेली से कहा कि आज के बाद मैं तुम्हें कभी नजर नहीं आऊंगी।

सहेली कुछ समझ पाती, उससे पहले ही युवती ने फोन काट दिया और घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। जब युवती की हालत बिगड़ने लगी और वह तड़पने लगी, तो सोनू और उसकी सहेलियां घबरा गए। वे तुरंत उसे लेकर अस्पताल भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

Updated on:
19 Jul 2026 03:40 pm
Published on:
19 Jul 2026 03:37 pm