अलवर

Alwar: अलवर मंडी में प्याज के भाव गिरे, 100 रुपए प्रति मण तक आई कमी

अलवर की प्याज मंडी में इन दिनों प्याज की बंपर आवक हो रही है, लेकिन खराब क्वालिटी के कारण किसानों को भावों में नुकसान उठाना पड़ रहा है। रविवार को मंडी में 38 हजार से ज्यादा कट्टे पहुंचे। गली-सड़ी प्याज मिलने से भाव 100 रुपए प्रति मण तक गिर गए।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 11:40 AM IST
alwar mandi onion
अलवर मंडी में प्याज के भाव 100 रुपए प्रति मण गिरे (फोटो - पत्रिका)

अलवर। मंडी में प्याज की आवक लगातार बनी हुई है। बड़ी संख्या में किसान प्याज लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन इस बार खराब क्वालिटी किसानों के लिए परेशानी बन रही है। व्यापारियों के अनुसार, कई किसान प्याज के कट्टों में नीचे अच्छी प्याज भर देते हैं, जबकि बीच में गली-सड़ी और खराब प्याज रखकर मंडी पहुंच रहे हैं। मंडी में कट्टे खुलने पर जब खराब प्याज सामने आती है तो व्यापारी भी खरीदारी में सावधानी बरत रहे हैं। इसका असर सीधे प्याज के भावों पर पड़ रहा है।

रविवार को अलवर मंडी में प्याज के 38 हजार से ज्यादा कट्टों की आवक हुई। इसके बावजूद किसानों को अच्छे भाव नहीं मिल सके। किसानों को प्याज के 700 से 1500 रुपए प्रति मण तक भाव मिले। व्यापारियों का कहना है कि खराब प्याज की मात्रा अधिक होने से भावों में करीब 100 रुपए प्रति मण तक की कमी आई है। जिन किसानों की प्याज की क्वालिटी अच्छी है, उन्हें अपेक्षाकृत बेहतर भाव मिल रहे हैं, जबकि खराब प्याज लेकर आने वाले किसानों को कम कीमत पर माल बेचना पड़ रहा है।

कट्टों में नीचे अच्छी, बीच में खराब प्याज

व्यापारियों के मुताबिक, कुछ किसान कट्टे भरते समय नीचे अच्छी प्याज रखते हैं और बीच में गली-सड़ी प्याज भर देते हैं। ऊपर से देखने पर कट्टे में प्याज अच्छी दिखाई देती है, लेकिन जब मंडी में तुलाई के दौरान कट्टे खोले जाते हैं तो अंदर काफी मात्रा में खराब प्याज निकलती है। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान होता है। कई बार खरीदे गए माल में खराब प्याज की मात्रा ज्यादा निकलने से पूरी खरीद का हिसाब बिगड़ जाता है। इसी वजह से व्यापारी खराब क्वालिटी की प्याज के लिए कम भाव लगा रहे हैं।

50 किलो से ज्यादा के कट्टे भी बन रहे परेशानी

मंडी में प्याज की आवक शुरू होने से पहले ही मंडी सचिव और व्यापारियों ने किसानों से अपील की थी कि वे 50 किलो से ज्यादा वजन के कट्टे लेकर नहीं आएं। इसके बावजूद कई किसान अब भी निर्धारित वजन से अधिक प्याज भरकर मंडी पहुंच रहे हैं। इससे तुलाई के दौरान परेशानी होती है और व्यापारिक कामकाज भी प्रभावित होता है।

व्यापारियों का कहना है कि किसानों को प्याज की छंटाई करके ही मंडी लानी चाहिए। अच्छी और खराब प्याज को अलग-अलग रखने से उन्हें सही भाव मिल सकेंगे। साथ ही कट्टों में निर्धारित वजन रखने से तुलाई और खरीद-बिक्री का काम भी आसानी से हो सकेगा।

Updated on:
23 Nov 2026, 11:40 AM IST
Published on: