
नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का सोमवार को अंतिम दिन होने के कारण अलवर जिले के सभी शहरी निकायों में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। नामांकन पत्र जमा कराने के लिए रिटर्निंग अधिकारियों और उपखंड कार्यालयों के बाहर सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ दिखाई दे रही है। अंतिम दिन होने के कारण बड़ी संख्या में उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करने पहुंच रहे हैं।
राजगढ़ में रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के बाहर उम्मीदवारों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल करा रहे हैं। इसी तरह खैरथल तहसील कार्यालय में भी सुबह से जबरदस्त हलचल है। प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचने से चुनावी माहौल बना हुआ है।
खैरथल नगर परिषद क्षेत्र पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। हर वार्ड में चुनावी चर्चाएं और सरगर्मियां तेज हैं। नामांकन के लिए कार्यालय पहुंच रहे प्रत्याशियों के साथ समर्थकों की भीड़ है। प्रशासन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखे हुए है। माना जा रहा है कि सोमवार के नामांकन के बाद नगर परिषद चुनाव की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।
बड़ौदामेव में भी रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के समक्ष नामांकन दाखिल कराने वाले उम्मीदवारों की लंबी कतारें देखी गईं। तिजारा नगर परिषद चुनाव के लिए तहसील परिसर में भी भारी भीड़ रही। यहां प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंच रहे हैं।
नारायणपुर उपखंड मुख्यालय पर भी फार्म जमा कराने वालों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
वहीं बानसूर में नामांकन प्रक्रिया को लेकर एसडीएम कार्यालय में भीड़ रही। इधर, भाजपा में टिकट नहीं मिलने के बाद बागी उम्मीदवारों को मनाने के प्रयास भी जारी हैं।
मुंडावर नगर पालिका के वार्ड नंबर 14 सीतलपुर से बेनामी शीतल दास आश्रम के महंत बालका देवोचार्य के शिष्य ने भी नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने बताया कि शीतलपुर ढाणी के लोगों की सहमति के बाद चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया गया है।
नामांकन के अंतिम दिन पूरे जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। दिनभर प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने और समर्थकों की आवाजाही से शहरी निकायों में चुनावी माहौल बना रहने की संभावना है।
मांढण नगरपालिका चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन तहसील परिसर में प्रत्याशियों और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। इधर, भाजपा ने भी अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी, जिसके बाद कई उम्मीदवार समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे।