अलवर

Alwar News: स्विमिंग पूल में नेशनल स्विमिंग प्लेयर से से मारपीट, CCTV फुटेज आया सामने

अलवर के रूपबास इलाके में एक निजी स्विमिंग पूल में नेशनल स्विमिंग खिलाड़ी मन्थन चौधरी के साथ हुई मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का CCTV फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

2 min read
Jun 11, 2026
swimming player
CCTV फुटेज

अलवर जिले में एक नेशनल स्विमिंग खिलाड़ी के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद खेल जगत और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। शहर के रूपबास इलाके में स्थित एक निजी स्विमिंग पूल में प्रैक्टिस कर रहे खिलाड़ी मन्थन चौधरी पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक खिलाड़ी के साथ बेल्ट और लात-घूंसों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मन्थन चौधरी बेंगलुरु में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं और साथ ही प्रोफेशनल स्तर पर स्विमिंग की तैयारी भी कर रहे हैं। वह नेशनल स्तर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। करीब 10 दिन पहले वह अपने परिवार से मिलने अलवर आए थे। यहां भी उनकी प्रैक्टिस प्रभावित न हो, इसके लिए उनके पिता ने रूपबास स्थित क्लब-57 के स्विमिंग पूल में अभ्यास की व्यवस्था कराई थी।

सदर थाने में शिकायत दर्ज

पीड़ित के पिता ओमप्रकाश चौधरी ट्रेजरी ऑफिस में सहायक प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 9 जून की शाम करीब 5 बजे मन्थन रोजाना की तरह स्विमिंग की प्रैक्टिस कर रहे थे। उसी दौरान कुछ युवक भी पूल में मौजूद थे। मन्थन ने उनसे सिर्फ इतना कहा कि वे पूल की दीवार के पास थोड़ी जगह छोड़ दें ताकि वह आराम से अपनी लैप पूरी कर सकें।


आरोप है कि इतनी सी बात पर युवक भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मन्थन ने इसका विरोध किया और पूल स्टाफ से शिकायत की तो मामला और बढ़ गया। आरोपियों में से एक युवक ने बेल्ट निकालकर मन्थन पर हमला कर दिया। इसके बाद उसे पानी में धक्का दे दिया गया।

पानी के अंदर ही मारपीट

बताया जा रहा है कि इसी दौरान स्विमिंग पूल की बिजली चली गई और CCTV कैमरे बंद हो गए। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने खिलाड़ी को पानी के अंदर ही बेरहमी से पीटा। मारपीट में मन्थन की पीठ पर गंभीर चोटें और बेल्ट के निशान आए हैं। शिकायत में जावेद, जाहूल और राहुल नाम के युवकों को आरोपी बताया गया है, जबकि एक अन्य युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। परिजनों का आरोप है कि सभी आरोपी नशे की हालत में थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Published on:
11 Jun 2026 01:27 pm