
घर के अंदर दाखिल होते चोर
राजस्थान के अलवर शहर में बेखौफ बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अरावली विहार थाना क्षेत्र के पुराना भूरा सिद्ध इलाके में चोरों ने एक सूने मकान में सेंधमारी करने की कोशिश की। मकान मालकिन मंजू शर्मा अपने बेटे से मिलने दिल्ली गई हुई थीं, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश घर में घुस गए। हालांकि, पड़ोसियों की मुस्तैदी और सजगता के चलते एक बड़ी चोरी की वारदात होने से बच गई।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता मंजू शर्मा ने बताया कि उनका बेटा दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-8 में एक निजी बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। वह 22 जुलाई को अपने बेटे के पास दिल्ली गई हुई थीं और घर पर ताला लगा हुआ था। रात करीब पौने एक बजे बदमाशों ने बंद मकान को निशाना बनाया। लेकिन रात के अंधेरे में मकान के भीतर से आ रही अजीब और संदिग्ध आवाजों को सुनकर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी और पीड़िता के स्थानीय रिश्तेदारों को भी सूचित किया।
सूचना मिलते ही जब परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे, तो घर के मुख्य दरवाजों के ताले टूटे और क्षतिग्रस्त हालत में मिले। जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तो पूरी वारदात की डरा देने वाली तस्वीर सामने आ गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि रात करीब 12:48 बजे दो नकाबपोश बदमाश मुख्य गेट के ऊपर से छलांग लगाकर बड़ी आसानी से घर के परिसर में दाखिल होते हैं। इसके बाद वे औजारों की मदद से दरवाजों के ताले तोड़ने की कोशिश करते हैं। शातिर बदमाश पहचान छुपाने की नीयत से घर में लगा एक सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़ कर अपने साथ ले गए।
सूचना मिलते ही अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों का सुराग लगा लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Updated on:
28 Jul 2026 03:06 pm
Published on:
28 Jul 2026 03:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
