अलवर

Alwar: मकानों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन, हादसे का खतरा

अलवर के एनईबी एक्सटेंशन में रहने वाले लोगों के लिए अपना आशियाना ही डर का सबब बन गया है। हाउसिंग बोर्ड की लापरवाही से मकानों के ठीक ऊपर से 11 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। छत पर कदम रखते ही करंट का खौफ लोगों की नींद उड़ा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 11:53 AM IST
11kv power line
मकानों को छू रही हाईटेंशन बिजली की लाइन (फोटो - पत्रिका)

घर बनाने का सपना लेकर लोग कॉलोनी में बसते हैं, लेकिन जब घर की छत के ऊपर से 11 केवी की बिजली लाइन गुजर रही हो, तो हर वक्त हादसे का डर बना रहता है। अलवर के एनईबी एक्सटेंशन में कुछ ऐसा ही हाल है। यहां मकानों के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनी हुई है। हाउसिंग बोर्ड ने कॉलोनी तो बसा दी, लेकिन बिजली लाइन को भूमिगत करने की व्यवस्था नहीं की। खुले तारों के बीच बने मकान विभागीय लापरवाही की कहानी बयां कर रहे हैं।

कॉलोनी में पहले सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाती हैं, इसके बाद आवासीय बसावट होती है। ऐसे में मकानों के ऊपर से गुजरती 11 केवी लाइन को लेकर बिजली निगम और हाउसिंग बोर्ड की जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं। लाइन के आसपास मकान होने से छत पर काम करने, निर्माण कराने या अन्य गतिविधियों के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है। समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

नई लाइन और लोड बढ़ने पर भूमिगत व्यवस्था का दावा

नियमानुसार नई बिजली लाइन डालने या मौजूदा लाइन का लोड बढ़ाने के दौरान भूमिगत व्यवस्था जरूरी होने का दावा किया जाता है। इसके बावजूद एनईबी एक्सटेंशन में लाइन को भूमिगत करने की व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। कॉलोनी विकसित करते समय बिजली लाइनों की सुरक्षित व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिए जाने से अब समस्या सामने है।

जिम्मेदारी तय करने की जरूरत

रिहायशी क्षेत्र में मकानों के ऊपर से गुजरती हाईटेंशन लाइन को लेकर संबंधित विभागों की ओर से ठोस कदम उठाने की जरूरत है। बिजली निगम और हाउसिंग बोर्ड के बीच जिम्मेदारी तय कर लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने या भूमिगत करने की दिशा में कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि लोगों को हर समय बने रहने वाले हादसे के खतरे से राहत मिल सके।

इनका कहना है

अगर कोई अंडरग्राउंड केबल को डलवाना चाहता है, तो उसके लिए आवेदन करके राशि जमा करा दे। हाउसिंग बोर्ड की ओर से अंडरग्राउंड केबल का कोई प्रस्ताव नहीं भेजा है - महेश देशवाल, एक्सईएन, बिजली निगम अलवर

कॉलोनी में 11 केवी की लाइन मकानों को छू रही हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अगर बिजली निगम और हाऊसिंग बोर्ड बिजली के लाइनों को अंड़रग्राउंड करें तो हादसा टल सकता है - द्वारका प्रसाद शर्मा, कॉलोनी निवासी

Updated on:
29 Oct 2026, 11:53 AM IST
Published on: