अलवर

Alwar News: अनोखा प्रदर्शन, नाले में पाइप डालकर चूल्हा जलाने की कोशिश; PM पर साधा निशाना

एलपीजी रसोई गैस की किल्लत के बीच शुक्रवार को अलवर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
less than 1 minute read
Mar 13, 2026
Feature image
पाइप का दूसरा सिरा नाले में डालकर चूल्हा जलाने की कोशिश (फोटो - पत्रिका)

एलपीजी रसोई गैस की किल्लत के बीच शुक्रवार को अलवर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मिनी सचिवालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना देकर हाथों में तख्तियां लेकर गैस संकट और बढ़ती महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

नाले की गैस से चूल्हा जलाने की कोशिश

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने गैस का चूल्हा लगाकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने चूल्हे में पाइप लगाकर उसका दूसरा सिरा पास ही बने नाले में डाल दिया और कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा कभी नाले से गैस बनने की बात कही गई थी, लेकिन यहां नाले से गैस नहीं निकल रही है। इस अनूठे प्रदर्शन को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।


जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में ईंधन संकट और महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की रसोई पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी की जाए और अलवर में गैस आपूर्ति की समस्या को जल्द दूर किया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

Updated on:
13 Mar 2026 01:30 pm
Published on:
13 Mar 2026 01:12 pm