
क्षतिग्रस्त कार व मृतक ससुर-बहू की फाइल फोटो।
दौसा। अलवर-सिकंदरा मेगा हाईवे पर बसवा थाना क्षेत्र के जयसिंहपुरा गांव में तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे ससुर-बहू को टक्कर मार दी। हादसे में 90 वर्षीय भोलाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 42 वर्षीय बहू रामपति ने बसवा चिकित्सालय ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में मातम छा गया।
बसवा थाना पुलिस के अनुसार, रामपति अपने वृद्ध ससुर भोलाराम को सहारा देकर घर से बाहर लेकर जा रही थी। जैसे ही दोनों जयसिंहपुरा फाटक के पास पहुंचे, तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि भोलाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल रामपति ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद कार पलटने से उसमें सवार तिजारा निवासी राजेश सोनी, सोरया, मनीषा, रामकृष्ण सोनी और सोनू सोनी घायल हो गए। सूचना मिलते ही बसवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से सभी घायलों को राजगढ़ चिकित्सालय भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि सभी घायल मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर तिजारा लौट रहे थे। थानाधिकारी नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए।
पुलिस के अनुसार, मृतका रामपति के पति नरसीराम कस्बे में परचूनी की दुकान चलाते हैं। उनके दो बेटे हैं। एक ही हादसे में
परिवार के बुजुर्ग और बहू की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, दौसा जिले के लालसोट क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अमराबाद रेस्ट एरिया के पास चीनी से भरा ट्रक चालक को नींद की झपकी आने से अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा पिलर संख्या 221 के पास हुआ। उस समय आसपास कोई अन्य वाहन नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस के अनुसार ट्रक दिल्ली से मुंबई जा रहा था। सूचना पर रामगढ़ पचवारा थाना पुलिस और एक्सप्रेसवे की सेफ्टी टीम मौके पर पहुंची। बाद में क्रेन की सहायता से ट्रक को सड़क से हटाया गया।
Updated on:
26 Jul 2026 08:55 am
Published on:
26 Jul 2026 08:55 am
