
अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के पास सड़क किनारे गोवंश के अवशेष मिलने से सोमवार रात को भारी हंगामा हो गया। घटना से नाराज हिंदू संगठनों के लोगों ने जेल चौराहे पर अवशेष रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे चले इस विरोध के बाद पुलिस के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 9:30 बजे खुशाल नाम का एक युवक ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ से गुजर रहा था।
इसी दौरान उसने देखा कि सड़क किनारे पड़े एक कट्टे को आवारा कुत्ते नोच रहे थे। जब उसने पास जाकर देखा तो उसमें गोवंश के अवशेष थे। खुशाल ने तुरंत अपने अन्य साथियों और हिंदू संगठनों को इसकी सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि अवशेष बिल्कुल ताजा थे, जिससे अंदेशा है कि गोवंश की हत्या हाल ही में की गई है।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता और स्थानीय लोग जेल चौराहे पर इकट्ठा हो गए। आक्रोशित लोगों ने गोवंश के अवशेषों को बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पुलिस व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। तनाव बढ़ता देख प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ही बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू कर दिया, जिससे चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मंडी और शहर में तनाव की स्थिति को देखते हुए सीओ सिटी अंगद शर्मा सहित कई थानों की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने और जाम खोलने के लिए लगातार समझाइश की। लेकिन प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़े रहे कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और अवशेषों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाए।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्रशासन ने मांगें मान लीं। सीओ सिटी अंगद शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों की मांग के अनुसार मंगलवार को मेडिकल बोर्ड का गठन कर गोवंश के अवशेषों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस बोर्ड की निगरानी में हिंदू संगठनों के 5 प्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। इस लिखित और पुख्ता आश्वासन के बाद रात करीब 11:20 बजे प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त किया और जाम खोला।
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है क्योंकि एनईबी थाना क्षेत्र में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी अग्रसेन सर्किल के पास इसी तरह गोवंश के अवशेष मिले थे, जिस पर भारी विरोध प्रदर्शन हुआ था। लोगों का आरोप है कि पुलिस पुरानी घटना का अब तक खुलासा नहीं कर पाई है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस ने इस बार सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।