
अलवर शहर के आरआर कॉलेज में बुधवार को छात्र नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। एनएसयूआई और छात्र नेताओं ने कॉलेज का गेट बंद कर दिया। उनका कहना था कि करीब तीन महीने पहले कॉलेज प्रिंसिपल के साथ बैठक कर कई समस्याएं बताई थीं, लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं हुआ। छात्र नेता प्रिंसिपल को मौके पर बुलाने और मांगों पर जवाब देने की बात पर अड़े रहे।
सूचना मिलने पर अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्रों को समझाने और प्रदर्शन समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन छात्र नेता अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान छात्र नेता अंकित गुर्जर पुलिस की गाड़ी के आगे खड़े हो गए। पुलिस ने उन्हें वहां से हटाया। इसके बाद भी प्रदर्शन जारी रहने पर पुलिस दो छात्र नेताओं को गाड़ी में बैठाकर ले गई। उन्हें कॉलेज से करीब 100 मीटर दूर आरआर चौराहे पर छोड़ दिया गया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो अगली बार प्रिंसिपल के घर के बाहर धरना दिया जाएगा।
छात्र नेताओं ने बताया कि कॉलेज की लाइब्रेरी में कई महीनों से इंटरनेट बंद पड़ा है। इसके चलते विद्यार्थियों को किताबें मोबाइल से स्कैन करके उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कॉलेज फंड में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए गर्ल्स वॉशरूम से जुड़े दस्तावेज दिखाने की मांग भी की थी। उनका कहना है कि इन मुद्दों पर पहले भी प्रिंसिपल को अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
छात्र नेता के अनुसार अगले महीने सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू होनी हैं, लेकिन सेकंड और थर्ड ईयर के विद्यार्थियों के आईडी कार्ड अब तक नहीं बने हैं। इससे कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और बाहरी युवकों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। छात्र नेताओं का आरोप है कि बाहरी युवक कॉलेज परिसर में आकर छात्राओं से अभद्रता करते हैं। उनका कहना है कि आईडी कार्ड बनने से कॉलेज के विद्यार्थियों और बाहरी लोगों की पहचान आसानी से हो सकेगी।
छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि कई बार मांग उठाने के बावजूद प्रिंसिपल बातचीत के लिए नहीं पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जबरन हटाने का आरोप भी लगाया। फिलहाल छात्र नेताओं ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।