अलवर

अलवर पंचायत चुनाव: पहले चरण में 438 प्रत्याशी मैदान में, 162 ने वापस लिए नाम

अलवर जिले में पंचायती राज चुनाव 2026 को लेकर हलचल तेज हो गई है। पहले चरण की छह पंचायत समितियों में नाम वापसी के बाद 438 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। वहीं, दूसरे चरण की पांच पंचायत समितियों में नामांकन का आज आखिरी दिन है
2 min read
• •
Oct 16, 2026
alwar panchayat election
representative picture (patrika)

अलवर जिले में पंचायती राज चुनाव 2026 को लेकर हलचल तेज हो गई है। पहले चरण की छह पंचायत समितियों में नाम वापसी के बाद 438 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। वहीं, दूसरे चरण की पांच पंचायत समितियों में नामांकन का आज आखिरी दिन है। यहां गुरुवार को 356 नामांकन दाखिल हुए।

पहले चरण में 162 प्रत्याशियों ने वापस लिए नाम

अलवर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव को लेकर पहले चरण की चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला के अनुसार, पहले चरण में शामिल छह पंचायत समितियों में नाम वापसी की समय सीमा पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए हैं। इसके साथ ही चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची भी जारी कर दी गई है। पहले चरण में कुल 162 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए हैं। अब छह पंचायत समितियों के विभिन्न वार्डों में 438 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

कठूमर में सबसे ज्यादा 119 प्रत्याशी

पहले चरण की पंचायत समितियों में कठूमर में 23 वार्डों के लिए 119 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। रैणी में 27 वार्डों में 112 उम्मीदवार मैदान में हैं। गोविंदगढ़ और रामगढ़ में 15 और 17 वार्डों के लिए 59-59 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। खेड़ली-सोंखर के 15 वार्डों में 52 उम्मीदवार हैं, जबकि मुबारिकपुर में 15 वार्डों के लिए 37 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं।

चुनाव चिह्न आवंटित होने के बाद अब उम्मीदवारों के प्रचार अभियान में तेजी आने की संभावना है। राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी में जुटेंगे।

दूसरे चरण में गुरुवार को 356 नामांकन

दूसरी ओर, दूसरे चरण में उमरैण, मालाखेड़ा, लक्ष्मणगढ़, राजगढ़ और थानागाजी पंचायत समितियों में नामांकन प्रक्रिया जारी है। गुरुवार को पांचों पंचायत समितियों में कुल 356 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए।
इनमें राजगढ़ में 94, मालाखेड़ा में 91, उमरैण में 68, लक्ष्मणगढ़ में 60 और थानागाजी में 43 नामांकन हुए।

आज दोपहर 3 बजे तक कर सकेंगे नामांकन

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, दूसरे चरण के लिए शुक्रवार, 16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद 17 अक्टूबर को नामांकनों की जांच होगी। सोमवार, 19 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण के उम्मीदवारों की अंतिम तस्वीर साफ होगी।

Updated on:
16 Oct 2026 01:15 pm
Published on:
16 Oct 2026 01:15 pm