अलवर

Alwar: फर्म की जगह VDO के खाते में भेजे 3.86 लाख रुपए, कार्रवाई के डर से लौटाई राशि

अलवर के मालाखेड़ा क्षेत्र की खरेड़ा ग्राम पंचायत में सरकारी भुगतान को लेकर मामला सामने आया है। सड़क निर्माण का काम पूरा होने के बाद फर्म को दिए जाने वाले 3.86 लाख रुपए ग्राम विकास अधिकारी के निजी खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। मामला सामने आने पर पूरी राशि वापस जमा करा दी गई।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 11:52 AM IST
vdo account malakhera scam
representative picture (AI)

अलवर जिले की ग्राम पंचायतों में सरकारी राशि के भुगतान को लेकर एक और मामला सामने आया है। मालाखेड़ा क्षेत्र की खरेड़ा ग्राम पंचायत में वर्ष 2025-26 के दौरान बनाई गई सड़क का काम पूरा होने के बाद भुगतान में गड़बड़ी हुई। नियमानुसार सड़क निर्माण करने वाली संबंधित फर्म के खाते में 3.86 लाख रुपए भेजे जाने थे, लेकिन ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) ने यह राशि गोविंदगढ़ क्षेत्र की नसवारी ग्राम पंचायत के तत्कालीन वीडीओ आनंद जाटव के खाते में ट्रांसफर कर दी।

मामला सामने आने के बाद पंचायत स्तर पर किए गए इस भुगतान को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खास बात यह है कि जिस फर्म ने सड़क निर्माण का काम किया, उसे भुगतान करने के बजाय सरकारी राशि दूसरे ग्राम विकास अधिकारी के खाते में पहुंच गई। यह राशि किस आधार पर और किन परिस्थितियों में ट्रांसफर की गई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

कार्रवाई के डर से वापस जमा कराई राशि

मामला उजागर होने और कार्रवाई की आशंका के बीच आनंद जाटव ने 3.86 लाख रुपए की पूरी राशि ग्राम पंचायत के खाते में वापस जमा करा दी। हालांकि, राशि लौटाए जाने के बाद भी भुगतान प्रक्रिया को लेकर उठे सवाल खत्म नहीं हुए हैं। सवाल यह है कि जब भुगतान फर्म को किया जाना था, तो किसी दूसरे ग्राम विकास अधिकारी के निजी खाते में इतनी बड़ी रकम कैसे पहुंच गई? भुगतान करने से पहले संबंधित खाते का सत्यापन क्यों नहीं किया गया?

कुछ लोगों का दावा है कि इस भुगतान के पीछे राशि को लेकर गड़बड़ी करने की मंशा हो सकती थी। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। ऐसे में पूरे मामले की जांच और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल जरूरी है।

जिला परिषद की कार्रवाई पर भी सवाल

इस मामले में जिला परिषद के स्तर पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले कठूमर क्षेत्र में भी सरकारी योजना की राशि के भुगतान को लेकर मामला सामने आया था। ग्राम विकास अधिकारी हितेश शर्मा ने अपनी पत्नी, बेटे और रिश्तेदारों को श्रमिक दर्शाकर योजना की राशि उनके खातों में ट्रांसफर कर दी थी। मामले की जांच हुई और कार्रवाई की स्थिति भी बनी, लेकिन जिला परिषद से लेकर संबंधित पंचायत समिति के अधिकारियों के स्तर पर कार्रवाई आगे नहीं बढ़ने के आरोप लगे।

ग्राम पंचायत ने गलती से राशि मेरे खाते में भेजी थी, लेकिन मैंने वापस कर दी - आनंद जाटव, तत्कालीन वीडीओ नसवारी

Updated on:
19 Nov 2026, 11:52 AM IST
Published on: