
भिवाड़ी. उद्योग नगरी के फूलबाग पुलिस थानांतर्गत बीकेटी चौक पर एक कैश कलेक्शन एजेंट से गत 16 अप्रेल को रास्ते में 7.10 लाख रुपए की लूट करने के आरोप में पुलिस ने दो जनों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित सगे भाई हैं।
मंगलवार को प्रेस वार्ता में भिवाड़ी एएसपी पुष्पेंद्रसिंह सोलंकी ने बताया कि फूलबाग थाना क्षेत्र में गत 16 अप्रेल को कैश कलेक्शन एजेंट शुभम रोजमर्रा की तरह कैश कलेक्ट कर राशि को आईसीआईसीआई बैंक भिवाड़ी में जमा कराने जा रहा था, जिससे एक बाइक पर सवार हथियारबंद बदमाशों ने दिन दहाड़े कट्टे की नोक पर 7.10 लाख रुपए से भरा बैग छीना और फरार हो गए थे। जिस पर थाना फूलबाग भिवाड़ी में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
इस मामले को लेकर एएसपी सोलंकी सहित एएसपी सिद्धांत शर्मा व डीएसपी भिवाड़ी नेमीचंद खारिया के नेतृत्व में गठित टीम ने हरियाणा एवं राजस्थान के विभिन्न स्थानों रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, धारूहेड़ा, भिवाड़ी व फरीदाबाद में पीडि़त द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर आरोपितों की तलाश में मुखबिरों व अन्य से पूछताछ की गई।
इसके बाद रैकी कराने वाले भिवाड़ी के ओमप्रकाश व रोहताश पुत्र बदलेराम गुर्जर निवासी नंगलिया बंद के पास भिवाड़ी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। षड्यंत्र रचने के आरोप में अजीत विधूड़ी उर्फ तूफान व हथियार उपलब्ध कराने में अमित नागर तथा विपुल ठोलिया, प्रवीण उर्फ रवि एवं लखमी गुर्जर को मौके पर वारदात को अंजाम देने में नामजद किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्तबिना नंबरी बाइक, कार एवं लूट की राशि में से 2 लाख रुपए बरामद किए गए। अभी पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर और भी खुलासे करवाने का प्रयास कर रही है।