अलवर

Alwar: अलवर में 33 लाख के 114 गुमशुदा मोबाइल बरामद, पुलिस ने मालिकों को लौटाए

अलवर में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 114 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी बाजार कीमत करीब 33 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए हैं।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 3:27 PM IST
alwar police recovered 114 lost mobile
मोबाइल सौंपते हुए पुलिस अधीक्षक

अलवर जिले में लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन ढूंढने के लिए अलवर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 'ऑपरेशन साइबर संग्राम अभियान 3.0' के तहत अलग-अलग जगहों से 114 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपए है। बरामद किए गए सभी मोबाइल संबंधित थानों के माध्यम से उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए हैं। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई।

CEIR पोर्टल की मदद से मिले मोबाइल

पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन का पता लगाने के लिए केंद्र सरकार के दूरसंचार विभाग के CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद ली। यह पोर्टल मोबाइल फोन के IMEI नंबर के आधार पर उसे ब्लॉक करने और ट्रैक करने की सुविधा देता है। जब किसी व्यक्ति का मोबाइल गुम हो जाता है तो उसकी शिकायत के आधार पर फोन का IMEI नंबर पोर्टल पर ब्लॉक कराया जा सकता है।

दूसरे सिम से चालू होते ही मिलती है जानकारी

CEIR पोर्टल की खास बात यह है कि गुम हुए मोबाइल में जब कोई दूसरा सिम डालकर उसे चालू किया जाता है तो उसकी जानकारी ट्रेस हो सकती है। इसके बाद शिकायतकर्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजा जाता है। इससे पुलिस को फोन की लोकेशन और इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जुटाने में मदद मिलती है। मोबाइल बरामद होने के बाद मालिक पोर्टल के माध्यम से IMEI नंबर दोबारा अनब्लॉक कराने के लिए रिक्वेस्ट भी कर सकता है।

मोबाइल गुम होने पर यहां करें शिकायत

अलवर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं और तुरंत CEIR पोर्टल www.ceir.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए संबंधित थाने में भी संपर्क किया जा सकता है। वहीं, किसी भी तरह की साइबर धोखाधड़ी होने पर 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। अलवर जिले में साइबर सहायता के लिए 8764874306 नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है। समय पर शिकायत दर्ज कराने से पुलिस को मोबाइल ट्रेस करने और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में कार्रवाई करने में मदद मिल सकती है

जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) डॉ. दीपक कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. प्रियंका के निर्देशन में चलाया गया। पुलिस टीमों ने मोबाइल गुम होने की दर्ज शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की और तकनीकी सहायता से फोन को ट्रेस किया।

Updated on:
23 Nov 2026, 3:27 PM IST
Published on: