
अलवर-राजगढ़ रोड पर सड़क हादसा हो गया। हादसे में 28 वर्षीय बिंटू की मौत हो गई। हादसा सोमवार दोपहर को हुआ। जानकारी के अनुसार, बिंटू (28) अपने चचेरे भाई कालूराम के साथ अलवर शहर के एक अस्पताल में भर्ती बीमार परिचित का हालचाल पूछकर अपने गांव बुर्जा लौट रहा था। दोनों बाइक पर सवार थे। इसी दौरान अलवर-राजगढ़ रोड पर आ रही एक बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर गए। हादसे में दोनों को चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बिंटू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल कालूराम का अलवर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें बस की टक्कर से बाइक सवार दोनों युवकों के सड़क पर गिरने की घटना सामने आई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
सदर थाना पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को अलवर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। इसके बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद बस चालक मौके पर नहीं मिला। थानाधिकारी के अनुसार, पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज करेगी।
साथ ही बस को जब्त करने सहित आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे की खबर फैलते ही बुर्जा गांव और आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने सड़क पर लापरवाही से दौड़ती बसों पर नाराजगी जताते हुए कुछ देर के लिए जाम (Traffic Jam) लगा दिया। पुलिस की समझाइश और सख्त कानूनी कार्रवाई के आश्वासन के बाद यातायात को सुचारू कराया गया।
बिंटू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह अविवाहित था और उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। ऐसे में वह अपनी बुजुर्ग मां का पालन-पोषण कर रहा था। परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। वहीं, उसका चचेरा भाई कालूराम भी अविवाहित है। परिवार के लिए यह हादसा बड़ा सदमा बन गया है। जिस बेटे के सहारे बुजुर्ग मां का जीवन चल रहा था, उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मौके पर जाम भी लगाया था।