अलवर

Alwar: 11 साल बाद अलवर में यहां नर्सिंग कॉलेज शुरू होने की तैयारी, निरीक्षण पूरा 

अलवर के रामगढ़ क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। करीब 11 साल पहले स्वीकृत राजकीय नर्सिंग कॉलेज भवन को चिकित्सा विभाग को सौंपने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और निरीक्षण के लिए सात सदस्यीय समिति अपना काम शुरू कर चुकी है।
2 min read
Aug 07, 2026
Alwar Nursing College
representative picture (AI)

Alwar Nursing College: अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र में लंबे समय से जिस राजकीय नर्सिंग कॉलेज के शुरू होने का इंतजार किया जा रहा था, अब वह इंतजार खत्म होता नजर आ रहा है। करीब 11 साल पहले स्वीकृत इस कॉलेज के संचालन का रास्ता लगभग साफ हो गया है। ढाढ़ोली स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज भवन को चिकित्सा विभाग को सौंपने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसके लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय ने सात सदस्यीय समिति का गठन कर भवन का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रक्रिया पूरी

कार्यालय आदेश के अनुसार बहुक्षेत्रीय विकास कार्यक्रम (एमएसडीपी) के तहत वर्ष 2015 में रामगढ़ के ढाढ़ोली में राजकीय नर्सिंग कॉलेज की स्थापना को मंजूरी मिली थी। इसके बाद अल्पसंख्यक मामलात विभाग की स्वीकृति और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के माध्यम से निविदा प्रक्रिया पूरी कर भवन का निर्माण कराया गया। हालांकि विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण कॉलेज शुरू नहीं हो सका।

सुविधाओं की जांच

अब अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन), राजमेस जयपुर के 3 अगस्त 2026 के आदेश के बाद भवन को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को सौंपने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। सीएमएचओ कार्यालय ने गठित समिति को निर्देश दिए हैं कि भवन का विस्तृत निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता और अन्य सुविधाओं की जांच की जाए। यदि किसी प्रकार की तकनीकी कमी या निर्माण संबंधी गैप मिलता है तो उसका उल्लेख करते हुए उसे दूर कराया जाए। इसके बाद ही भवन का औपचारिक हैंडओवर-टेकओवर पूरा किया जाएगा।


कार्यालय के दूसरे आदेश के अनुसार समिति ने 5 अगस्त को सुबह 10 बजे भवन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान भवन की तकनीकी स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं का परीक्षण किया गया। अधिकारियों का कहना है कि यदि निरीक्षण में कोई कमी सामने आती है तो उसे ठीक कराने के बाद भवन चिकित्सा विभाग को सौंप दिया जाएगा।

स्थानीय युवाओं को होगा फायदा

भवन हस्तांतरण समिति में उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (पारिवारिक कल्याण) डॉ. संजय बुंदेला, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी जिला चिकित्सालय अलवर, मुख्य अभियंता (सिविल) राजमेस जयपुर, सहायक अभियंता (सिविल) एनएचएम अलवर, सहायक अभियंता (पीडब्ल्यूडी) अलवर, नगर निगम के फायर सेफ्टी अधिकारी तथा राजकीय नर्सिंग कॉलेज ढाढ़ोली के नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य बनवारी लाल को शामिल किया गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि कॉलेज शुरू होने से रामगढ़ क्षेत्र के युवाओं, खासकर छात्राओं को नर्सिंग शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

Updated on:
07 Aug 2026 12:05 pm
Published on:
07 Aug 2026 12:05 pm