
राजस्थान के अलवर जिले के रैणी इलाके में बिजली सप्लाई को लेकर एक अजीबोगरीब और खतरनाक ड्रामा देखने को मिला। भूड़ा गांव में एक महिला गुस्से में थ्री-फेज ट्रांसफार्मर के ऊपर जा चढ़ी। नीचे खड़े बिजली विभाग के कर्मचारी उसे समझाते रहे, लेकिन महिला तार खींचने और बहस करने में लगी रही।
अलवर के रैणी क्षेत्र से सामने आया यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला ट्रांसफार्मर के सबसे ऊपरी हिस्से पर जान जोखिम में डालकर खड़ी है। वह वहां लगे बिजली के तारों को हाथ से खींचती और हटाती दिख रही है। नीचे मौजूद विद्युत निगम के कर्मचारी उसे बार-बार नीचे उतरने की मिन्नतें करते नजर आए।
निगम कर्मचारियों के समझाने के बावजूद महिला लगातार उनसे बहस करती रही। हद तो तब हो गई जब नीचे खड़ा उसका पति भी कर्मचारियों से उलझ पड़ा। वह कर्मचारियों से कहता सुनाई दिया कि मरती है तो मर जाने दो, ये तो लाइन काटकर ही नीचे आएगी। काफी देर तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने काफी मशक्कत कर महिला को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।
बिजली विभाग के अनुसार, बीते 4 अगस्त को इलाके में हुई बारिश और जलभराव के कारण भूड़ा फीडर के करीब छह बिजली के खंभे (पोल) गिर गए थे। इसके चलते क्षेत्र के लगभग 400 उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई थी। स्थिति को देखते हुए निगम ने आखोदा फीडर से अस्थाई रूप से सिंगल-फेज सप्लाई शुरू कर दी थी। हालांकि, खेतों में पानी भरा होने और खड़ी फसल के कारण थ्री-फेज सप्लाई चालू करने में कर्मचारियों को भारी दिक्कत आ रही थी।
7 अगस्त की शाम को बिजली निगम के कर्मचारी शटडाउन लेकर थ्री-फेज सप्लाई को दुरुस्त करने का काम कर रहे थे, तभी यह पूरा विवाद खड़ा हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कनिष्ठ अभियंता (JEN) ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दी है। बिजली विभाग ने पुलिस से विद्युत तंत्र के साथ जानबूझकर छेड़छाड़ करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में कार्रवाई करने की मांग की है। बिजली विभाग के अनुसार इस तरह की हरकत से विभाग को सरकारी कार्य करने में काफी बाधा का सामना करना पड़ा है।