
राजस्थान के अलवर में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राठ नगर के पास एक भीषण सड़क हादसे में 22 साल के एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान अनीश (पुत्र मोरमल) के रूप में हुई है, जो चांदोली के नादनहेड़ी गांव का रहने वाला था। अनीश की डेहरा इलाके में कॉस्मेटिक (सौंदर्य प्रसाधन) के सामान की एक दुकान थी और वह अपनी दुकानदारी से ही परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
रोज की तरह सोमवार को भी वह अपनी बाइक उठाकर दुकान के लिए सामान खरीदने अपने गांव से अलवर शहर आ रहा था। वह अभी राठ नगर के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनीश बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरा और लूल-लहान हो गया।
एक्सीडेंट के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से लहूलुहान हालत में अनीश को तुरंत अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने उसे चेक किया और मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही शिवाजी पार्क थाना पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया।
अस्पताल के मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. सिद्धार्थ विजयवर्गीय ने बताया कि हादसे में युवक के सीने और पेट के अंदरूनी हिस्सों में काफी गंभीर चोटें आई थीं। अत्यधिक खून बह जाने और अंदरूनी अंगों में गहरी चोट लगने के कारण ही युवक की मौत हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
अनीश की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव नादनहेड़ी पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। जवान बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पत्नी और परिजनों की चीख-पुकार से हर किसी की आंखें नम हो गईं। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि जो अनीश चंद घंटों पहले हंसते-खेलते घर से निकला था, अब वह इस दुनिया में नहीं है। फिलहाल शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने रोडवेज बस को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और चश्मदीदों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।