अलवर

Alwar Storm update : अलवर में तूफान की तबाही के बाद अब बच्चों पर आया यह भारी संकट, जानिए आप भी

अलवर में तूफान के बाद स्थिति बेहद खराब हो गई है। लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
2 min read
May 04, 2018
Alwar Storm: Heavy water problem after storm in alwar

अलवर. प्राचीन काल के कवि रहिमन ने पानी का महत्व बहुत पहले ही बता दिया था। उनका दोहा -- रहिमन पानी राखिए बिन पानी सब सून --आज पूरी तरह से सार्थक नजर आ रहा है। यदि हम समय पर पानी का महत्व समझ लेते और पानी को सहेज कर रखते तो आज जैसे भयावह हालात नजर नहीं आते । हर घर पानी की समस्या से जूझ रहा है।

मंगलवार को आए तूफान के बाद घरों के हालात बिगड़ गए हैं। पानी नहीं आने से घर के सारे काम रूक गए हैं। ना बच्चे स्कूल जा पा रहे हैं और ना ही पिता काम पर जा रहे हैं। जिधर देखो उधर लोग खाली बर्तन लिए पानी के लिए आते जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालात यह है कि घरों में आवश्यकता के लिए रखा पानी भी अब तक खत्म हो चुका है । घर के सारे बर्तन और टंकियां खाली है।

महिलाओं और बच्चों ने बताई आपबीती

भैरू का चबूतरा निवासी सरिता ने बताया कि तुफान के बाद से ही ना बिजली है और ना ही पानी। रात भर सोए नहीं है। पानी नहीं है इसलिए बच्चों को नहलाया भी नहीं । महिला दीपा ने बताया कि मेरे बेेटे नीतिन और नमन दो दिन से स्कूल नहीं गए हैं। पानी नहीं होने से नहाने, धोने का काम नहीं हुआ। घर की सारी टंकियां खाली पड़ी है।

मौहल्ले में रहने वाले परी, अनिशा, वंश, शिवानी, हीना, टीना ने बताया कि घर में पीने को ही पानी नहीं है तो नहाए कैसे। बिना नहाए स्कूल जाने का मन नहीं करता, कल स्कूल में छुटटी थी आज हमन कर दी। बिना नहाए कुछ करने का मन नहीं कर रहा। इधर, प्रियांशी ओर खुशी ने बताया कि पापा भी आज काम पर नहीं गए घर में रखा हुआ सारा पानी खत्म हो गया। लाइट नहीं आ रही इसलिए घर में रुकने का मन नहीं कर रहा, बाहर ही बैठे हुए हैं।

कालाकुआं सैक्टर पांच में रहने वाले शिवांग, युग, गौरव, कुणाल, यश, रविश,उत्कर्ष, ललित ने बताया कि शाम को जब तुफान आया था तब से ही बिजली नहीं आ रही। बिजली नहीं आने से पानी भी नहीं आया। पानी के लिए इधर उधर भटक रहे हैं लेकिन आस पास में कहीं भी पानी नहीं आया। कालाकुआं निवासी दिनेश ग्रोवर ने बताया कि पानी और बिजली नहीं आने से एेसा लग रहा है कि जीवन में सब कुछ खत्म हो गया है। घर के सारे बर्तन खाली है, पीने का भी पानी नहीं बचा। पानी का टैँक भी बहुत महंगा मिल रहा है।

कबीर कॉलोनी की महिला संतोष, ललिता आदि ने बताया कि सुबह घर से घर का कुछ काम नहीं हुआ है, क्योंकि सारा काम पानी से जुड़ा हुआ है। आज तो नहाना भी नहीं हुआ,शौच जाने के लिए भी पानी नसीब नहीं हो रहा। जब पानी था तो खूब बिखेर रहे थे आज पता चला है कि पानी के बिना जीवन कुछ नहीं।

Published on:
04 May 2018 06:34 pm