तूफान को गए चौबीस घंटे से अधिक का समय होने के बाद भी शहर की विद्युत व्यवस्था बहाल करने में नाकाम रहे बिजली निगम के खिलाफ गुरुवार शाम लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्कीम एक, लखण्डावाला कुआं, रामगंज सहित आस-पास के गुस्साए लोग शाम को बिजलीघर चौराहा पहुंचे और जाम लगा दिया। लोगों का कहना था कि निगम अधिकारी आमजन का न तो फोन उठा रहे हैं और न बिजली दुरुस्त कर रहे हैं। चौबीस घंटे से अधिक का समय बीतने के बाद भी बिजली नहीं आने से सारे कार्य अस्त-व्यस्त हो गए हैं। स्थिति ये है कि लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी गर्मी के मौसम में छोटे बच्चों को आ रही है। लोगों का आरोप था कि निगम प्रशासन ने सरकारी अधिकारी व पहुंच वाले लोगों के क्षेत्रों की बिजली तो दुरुस्त कर दी है, आमजन की परेशानी पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। जाम की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर जाम खुलवाया।