अलवर

Alwar Crime: बैंक जा रहे छात्र पर हमला, अपहरण की कोशिश; 1.50 लाख की लूट का आरोप

Alwar Crime: अलवर शहर में गुरुवार सुबह एक पॉलिटेक्निक छात्र पर दिनदहाड़े हुए हमले से सनसनी फैल गई। छात्र का आरोप है कि बदमाशों ने स्कूटी को टक्कर मारकर उसे सड़क पर पीटा, अपहरण की कोशिश की और 1.50 लाख रुपए व चांदी की चेन लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
2 min read
Jul 30, 2026
alwar student attack
घटना का CCTV फुटेज

Alwar Crime: अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के खुदनपुरी इलाके में गुरुवार सुबह एक पॉलिटेक्निक छात्र पर दिनदहाड़े हुए हमले ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र का आरोप है कि थार और कई मोटरसाइकिलों पर आए बदमाशों ने पहले उसकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी, फिर सड़क पर गिराकर बेरहमी से मारपीट की। इतना ही नहीं, रिवॉल्वर दिखाकर जबरन गाड़ी में बैठाने की भी कोशिश की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्कूटी को टक्कर मारी

घायल छात्र रितिक वर्मा (21) के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी स्कूटी से दिल्ली रोड स्थित एसबीआई बैंक में 1.50 लाख रुपए जमा कराने जा रहा था। जैसे ही वह चक्रधारी मंदिर के पास पहुंचा, पीछे से आई एक थार और मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

इसके बाद सभी ने उसे घेर लिया और सड़क पर पटककर मारपीट शुरू कर दी। रितिक का आरोप है कि बदमाशों ने उसके सिर पर रिवाल्वर की बट से वार किया और लाठी-सरियों से हमला किया। इस दौरान उसे थार से कुचलने की कोशिश भी की गई। आरोपियों ने जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन शोर सुनकर आसपास लोग जमा हो गए। इसी बीच उसके ममेरे भाई अभिषेक जोनवाल भी मौके पर पहुंच गए। लोगों की मदद से रितिक को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया गया।

पुरानी रंजिश चल रही

पीड़ित का कहना है कि आरोपी उसके पास मौजूद 1.50 लाख रुपए नकद और करीब 15 ग्राम वजनी चांदी की चेन छीनकर फरार हो गए। हमले में उसका आईफोन-15 भी टूट गया और स्कूटी को भी नुकसान पहुंचा। घायल छात्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रितिक ने पुलिस को दी शिकायत में अमित, विशाल, मन्नू, दिनेश, यश, सुमित, भूपेंद्र उर्फ भूष्पी, चंद्रप्रकाश उर्फ चीकू समेत अन्य युवकों को नामजद किया है। उसने बताया कि आरोपियों से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है।

उसके अनुसार 28 जुलाई को भी उसे मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई थी। अलवर पुलिस के अनुसार मारपीट और लूट की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। घटना का वीडियो भी खंगाला जा रहा है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
30 Jul 2026 04:07 pm
Published on:
30 Jul 2026 04:07 pm