अलवर

Alwar Suicide News: दहेज में नहीं दी सोने की अंगूठी, तानों से तंग आकर 6 महीने की गर्भवती ने लगाया फंदा

अलवर जिले के एमआईए थाना क्षेत्र में छह महीने की गर्भवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका गायत्री उर्फ मंजू वर्मा (21) पत्नी गौरव मदनपुरी की निवासी थी। मृतका का गुरुवार को पोस्टमॉर्टम कराया गया।
2 min read
• •
Updated: 8 Jan 2026, 10:28 PM IST
Alwar Suicide News
मृतका गायत्री उर्फ मंजू वर्मा (फोटो- पत्रिका)

Alwar News: अलवर के एमआईए थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जहां छह महीने की गर्भवती विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान गायत्री उर्फ मंजू वर्मा (21) पत्नी गौरव के रूप में हुई है, जो मदनपुरी की निवासी थी।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि मृतका के पिता संतोष कुमार निवासी रूंद्ध माच का तिराहा ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

संतोष कुमार ने पति गौरव, सास, ससुर और ननद पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के समय सामर्थ्य के अनुसार पूरा दहेज दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष सोने की अंगूठी नहीं देने को लेकर लगातार ताने मारता था। इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उनकी बेटी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

मृतका के पिता ने बताया कि गायत्री की शादी मई 2025 में मदनपुरी निवासी गौरव के साथ हुई थी। गौरव एक फैक्ट्री में काम करता है और परिवार में अकेला बेटा है। इसी कारण उन्हें उम्मीद थी कि उनकी बेटी ससुराल में सुखी रहेगी। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जो उसकी मौत का कारण बना।

संतोष कुमार ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। बुधवार शाम करीब चार बजे समधी का फोन आया, जिसमें उन्हें एक निजी अस्पताल बुलाया गया। जब वह अस्पताल पहुंचे तो वहां उनकी बेटी का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया।

उन्होंने यह भी बताया कि घटना से दो दिन पहले तिलकूटा चौथ व्रत के दिन परिवार में खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद से गायत्री काफी तनाव में थी। पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
8 Jan 2026, 10:28 PM IST
Published on: