अलवर

बेरोजगार पति ने सरकारी टीचर पत्नी का करवाया अपहरण, फिल्मी स्टाइल में हुई वारदात, ससुर पहुंचे थाने

अलवर के मालाखेड़ा में सरकारी महिला टीचर का उसके पति ने साथियों के साथ अपहरण कर लिया। स्कूल से लौटते समय कार रोककर जबरन ले गए। पुलिस ने नाकाबंदी कर 3.5 घंटे में 55 किमी दूर से महिला को छुड़ाकर पति समेत आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

2 min read
Apr 25, 2026
अलवर में फिल्मी स्टाइल में किडनैपिंग (फोटो-एआई)

Alwar Kidnapping: अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को फिल्मी अंदाज में एक सरकारी शिक्षिका के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया। पीड़िता कावेरी मीणा, जो ढाकपुरी में ग्रेड थर्ड टीचर के पद पर कार्यरत हैं, का उनके ही पति नवल कुमार ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपहरण कर लिया।

हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के चलते महज साढ़े 3 घंटे के भीतर शिक्षिका को 55 किलोमीटर दूर से सकुशल छुड़ा लिया। घटना दोपहर करीब 1 बजे की है। स्कूल की छुट्टी होने के बाद कावेरी मीणा अपनी कार से दो अन्य साथी शिक्षिकाओं के साथ अलवर लौट रही थीं। अभी वे ढाकपुरी से जमापुरी के बीच पहुंची ही थीं कि पीछे से आए उनके पति नवल ने अपनी कार उनकी गाड़ी के आगे अड़ा दी।

ये भी पढ़ें

पुलिस थाने में सूचना दिए बिना नहीं दे सकेंगे किराए पर मकान, जैसलमेर SP ने जारी किया आदेश

चश्मदीदों के अनुसार, अचानक नवल और उसके चार-पांच दोस्त गाड़ी से उतरे और कावेरी की कार को घेर लिया। आरोपियों ने शिक्षिका के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में पटक कर फरार हो गए। साथ मौजूद अन्य शिक्षिकाओं ने तुरंत इस घटना की जानकारी पुलिस को दी।

55 किलोमीटर तक पीछा कर पकड़ा

वारदात की सूचना मिलते ही मालाखेड़ा थाना प्रभारी हरदयाल यादव ने जिले भर में नाकाबंदी करवाई। पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों की सूचना पर आरोपियों का पीछा किया।

करीब 3.5 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने घटनास्थल से 55 किलोमीटर दूर आरोपियों के गांव दुब्बी में घेराबंदी की। वहां से पुलिस ने पति नवल कुमार और उसके साथियों को दबोच लिया और कावेरी को सुरक्षित मुक्त कराया।

पारिवारिक विवाद और बेरोजगारी बनी वजह

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। कावेरी और नवल की शादी करीब 11 साल पहले हुई थी। पिछले 2 साल से दोनों के बीच अनबन चल रही थी और कावेरी अपने पति से अलग रह रही थी। कावेरी सरकारी शिक्षिका है, जबकि उसका पति नवल फिलहाल बेरोजगार है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि पत्नी के अलग रहने और पारिवारिक कलह के कारण पति ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। हमने मुख्य आरोपी पति सहित अन्य को हिरासत में ले लिया है।
-हरदयाल यादव, थाना प्रभारी, मालाखेड़ा

पिता ने दर्ज कराया मामला

कावेरी के पिता शिवराम ने दामाद नवल और उसके दोस्तों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था।

ये भी पढ़ें

AI से बना वसुंधरा राजे के नाम फर्जी लेटर, 1 महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, जयपुर में पूछताछ जारी
Published on:
25 Apr 2026 08:50 am
Also Read
View All