
अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं तो पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। उत्तर पश्चिम रेलवे ने अजमेर-चंदेरिया रेलखंड पर झड़वासा-बांदनवाड़ा और सिंगावल स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक लेने का निर्णय किया है। इस तकनीकी कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। कुछ रेल सेवाएं पूरी तरह रद्द रहेंगी, कुछ निर्धारित समय से देरी से चलेंगी, जबकि कई लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग बदलकर अलवर के रास्ते संचालित किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 19609 उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 5 और 8 अक्टूबर 2026 को दो ट्रिप के लिए रद्द रहेगी। वहीं ट्रेन संख्या 19610 योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस 6 और 9 अक्टूबर 2026 को रद्द रहेगी। इसके अलावा 19609 उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 19, 21, 24, 26 और 28 सितंबर के साथ 1 और 3 अक्टूबर को कुल सात ट्रिप में लगभग 40 मिनट तक रेगुलेट रहेगी। इससे इन तारीखों में यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय का ध्यान रखना होगा।
रेलवे ने कई ट्रेनों का मार्ग भी परिवर्तित किया है। ट्रेन संख्या 15091 दौराई-टनकपुर एक्सप्रेस 29 अगस्त से 24 सितंबर के बीच कुल 16 ट्रिप में फुलेरा-जयपुर-अलवर-रेवाड़ी मार्ग से चलेगी। इसी प्रकार 19604 गोड्डा-दौराई एक्सप्रेस 11 अगस्त से 22 सितंबर के बीच सात ट्रिप में रेवाड़ी-अलवर-जयपुर-फुलेरा मार्ग से संचालित होगी।
इसके अलावा 14087 दिल्ली-जैसलमेर एक्सप्रेस 12 अगस्त से 24 सितंबर तक कुल 44 ट्रिप में रेवाड़ी-अलवर-जयपुर-फुलेरा मार्ग से चलेगी। वहीं 22452 चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 12 अगस्त से 23 सितंबर के बीच 13 ट्रिप में इसी मार्ग से संचालित होगी। 22950 दिल्ली सराय रोहिल्ला-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस भी 24 सितंबर को परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने बताया कि परिवर्तित मार्ग से चलने वाली इन सभी ट्रेनों का ठहराव अलवर, बांदीकुई, दौसा, गांधीनगर जयपुर और जयपुर स्टेशनों पर रहेगा। इससे अलवर के यात्रियों को इन ट्रेनों में सीधे यात्रा करने का अवसर मिलेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन का समय, रूट और स्टेटस रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, रेलवे हेल्पलाइन या मोबाइल ऐप पर जरूर जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।