अलवर

Alwar Weather: अलवर में मौसम हुआ सुहाना, कई इलाकों में हुई बारिश, 22 जुलाई तक येलो अलर्ट

अलवर जिले में सोमवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। सुबह से छाए काले बादलों के बाद दोपहर में जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने अलवर में 20 से 22 जुलाई तक बारिश का येलो अलर्ट जारी करते हुए अच्छी बरसात की उम्मीद जताई है।
2 min read
Jul 20, 2026
weather update
सकट, राजगढ़ क्षेत्र (फोटो - पत्रिका)

उमस और भीषण गर्मी से परेशान अलवर वासियों के लिए सोमवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। जिले में सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा लगा रहा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दोपहर होते-होते जिले के अलग-अलग कस्बों और ग्रामीण इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया। कहीं रिमझिम फुहारें पड़ीं तो कहीं मध्यम दर्जे की अच्छी बरसात हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों के चेहरे खिल उठे। इस हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

इन इलाकों में बरसे बदरा

मौसम के बदले मिजाज का सबसे ज्यादा असर राजगढ़ और उसके आसपास के इलाकों में देखने को मिला, जहां दोपहर में मध्यम स्तर की अच्छी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पिनान कस्बे और उसके आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी बह निकला। काफी समय से गर्मी झेल रहे पिनान के लोगों को इस बारिश से काफी राहत मिली है।

दूसरी तरफ, हरसौली क्षेत्र में दोपहर के समय हल्की बूंदाबांदी का दौर चला। खैरथल क्षेत्र की बात करें तो यहाँ सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली है और यहाँ भी कभी भी अच्छी बारिश शुरू हो सकती है।


किसानों के लिए 'अमृत' बनी बारिश

गोविंदगढ़ और उसके आस-पास के इलाकों में आसमान से टपक रही 'आस की बूंदों' ने सबसे ज्यादा राहत यहाँ के अन्नदाताओं को दी है। इलाके के किसानों का कहना है कि लंबे समय से बारिश न होने के कारण खरीफ की फसलें सूखने के कगार पर पहुंच चुकी थीं। ऐसे में सोमवार को हुई यह बारिश फसलों के लिए किसी अमृत से कम नहीं है। इस सिंचाई से बाजरा, ग्वार और कपास जैसी फसलों को नया जीवन मिल गया है।

22 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, अलवर जिले में अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। विभाग ने 20 से 22 जुलाई तक जिले में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून के सक्रिय होने से सोमवार रात और मंगलवार को जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। कुल मिलाकर, इस मानसूनी बारिश ने जहां आम जनता को गर्मी से निजात दिलाई है, वहीं किसानों के चेहरे पर भी रौनक लौटा दी है।

Updated on:
20 Jul 2026 02:01 pm
Published on:
20 Jul 2026 02:01 pm