
Alwar Crime: राजस्थान के अलवर जिले में ससुराल पक्ष को खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने और घर के सारे जेवरात समेटकर प्रेमी के साथ फरार होने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला अपने प्रेमी के साथ बीते तीन साल से अधिक समय से फरार चल रही थी। पुलिस की विशेष टीम ने आखिरकार दोनों आरोपियों को हिमाचल प्रदेश से दस्तयाब किया है।
अलवर एसपी सुधीर चौधरी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूप सिंह (24) निवासी केरवावाल (मालाखेड़ा) और मनीषा सोगत (22) निवासी दिल्ली दरवाजा के रूप में हुई है। पीड़ित पति सुधीर ने 14 फरवरी 2023 को अलवर के कोतवाली थाने में इस संबंध में औपचारिक मामला दर्ज कराया था।
दर्ज कराई गई पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, मनीषा ने शादी के कुछ समय बाद ही अपने प्रेमी रूप सिंह के साथ मिलकर ससुराल में चोरी की एक बड़ी साजिश रची। एक रात साजिश के तहत मनीषा ने पूरे परिवार के लिए खाना बनाया और उसमें कोई जहरीला या नशीला पदार्थ मिला दिया।
खाना खाते ही ससुराल के सभी लोग एक-एक कर अचेत हो गए। इसके बाद आरोपी महिला ने प्रेमी को घर बुलाया और दोनों अलमारी में रखे लाखों रुपए के कीमती सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लेकर रात के अंधेरे में फरार हो गए।
वारदात के बाद पीड़ित परिवार के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस लगातार दोनों की तलाश कर रही थी। हालांकि, आरोपी बार-बार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे थे। गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस की विशेष टीम को पता चला कि दोनों हिमाचल प्रदेश के एक दूरदराज इलाके में पहचान बदलकर रह रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को धर दबोचा। पुलिस अब आरोपियों से चोरी किए गए जेवरात की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।