अलवर

Alwar: महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने पर CM का संवाद, आपातकालीन सेवाओं की दी जानकारी 

अलवर में रविवार को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर मुख्यमंत्री के ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिला कलक्ट्रट सभागार में महिला यूथ सीएलजी सदस्यों ने संवाद में हिस्सा लिया। इस दौरान राजकॉप ऐप, महिला हेल्पलाइन, साइबर ठगी की शिकायत और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई।
2 min read
• •
Oct 18, 2026
alwar women safety
ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम (फोटो - पत्रिका)

महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने और आमजन को अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए रविवार को अलवर जिला कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में 100 नई कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के शुभारंभ के दौरान आयोजित हुआ। इसमें अलवर की महिला यूथ सीएलजी सदस्यों ने हिस्सा लिया।

अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि संवाद के दौरान महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े उपायों, साइबर अपराधों से बचाव और पुलिस की विभिन्न सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करने के साथ पुलिस और आमजन के बीच बेहतर तालमेल बनाना भी रहा।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत

संवाद के दौरान महिलाओं को बताया गया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराएं। अलवर जिले में साइबर अपराध की शिकायत के लिए 8764874306 नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित पुलिस थाने में भी शिकायत दी जा सकती है।

महिलाओं को राजकॉप ऐप के इस्तेमाल, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के उपायों के बारे में बताया गया। महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 की जानकारी भी दी गई।

यातायात नियमों और महिला अपराधों पर चर्चा

कार्यक्रम में यातायात नियमों का पालन, सड़क सुरक्षा, महिला अपराध और पॉक्सो एक्ट से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी गई। महिला यूथ सीएलजी सदस्यों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। पुलिस अधिकारियों ने उनकी बातों को सुना और समस्याओं के समाधान की दिशा में चर्चा की।

पंचायत चुनाव और कानून व्यवस्था पर भी मंथन

संवाद के दौरान आगामी पंचायत राज आम चुनाव-2026, त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने पर भी विचार-विमर्श हुआ। पुलिस की ओर से अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ में सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही किसी भी अपराध की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया।

पुलिस और आमजन के बीच समन्वय पर जोर

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. दीपक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी, सीओ दिलीप मीना, महिला थाना प्रभारी कांता कुमारी, शिवाजी पार्क थाना प्रभारी प्रेमलता, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के सदस्य और महिला यूथ सीएलजी सदस्य मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने जिले में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने में आमजन की भागीदारी को जरूरी बताया। कार्यक्रम के जरिए महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Updated on:
18 Oct 2026 04:11 pm
Published on:
18 Oct 2026 04:11 pm