18 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान में हृदयविदारक घटना आई सामने, मासूम बच्चों की हत्या के बाद मां ने भी दी जान

Rajasthan Crime News: एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से दांतिया गांव में शोक व्याप्त है। चार और पांच वर्ष की उम्र के दोनों मासूम बच्चों की असमय मौत ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है।
2 min read
Google source verification

अलवर

•

image

Anil Prajapat

•

Oct 18, 2026

Alwar Crime News

मौके पर मौजूद ग्रामीणों की भीड़। फोटो: पत्रिका

अलवर। अलवर जिले के खेरली कस्बे के निकटवर्ती दांतिया गांव में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां ऊषा शर्मा ने अपने पांच वर्षीय बेटे मुकुल और चार वर्षीय बेटी नंदनी उर्फ लाड़ो पर कैंची से वार कर दिया। इसके बाद ऊषा ने खुद को भी घायल कर लिया। घटना में दोनों मासूम बच्चों और उनकी मां की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव के दौरान सदमे में आई और गंभीर रूप से घायल हुई ऊषा की छोटी बहन मनीषा को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊषा शर्मा पत्नी अमित शर्मा ने बेटी के घर के बाहर खेलने जाने को लेकर मना किया था। बताया जा रहा है कि इसके बाद वह दोनों बच्चों को कमरे में ले गई और दरवाजा बंद कर लिया। कमरे से बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने गेट को धक्का देकर खोला तो अंदर बच्चों और ऊषा को लहूलुहान अवस्था में देखकर स्तब्ध रह गए। अपनी बड़ी बहन और दोनों मासूम बच्चों की हालत देखकर मनीषा बदहवास हो गई। वह रोते हुए दीवार और जमीन पर अपना सिर पटकने लगी। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने स्थिति संभालते हुए सभी चारों घायलों को खेरली के उपजिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में तीनों ने तोड़ा दम

अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के दौरान पांच वर्षीय मुकुल को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, उपचार के दौरान ऊषा और उसकी चार वर्षीय बेटी रितिका ने भी दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल मनीषा को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। ऊषा का पति अमित शर्मा गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि मनीषा का पति अंकित शर्मा जयपुर के एक निजी अस्पताल में नर्सिंगकर्मी है। घटना की जानकारी ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों को दे दी है।

घटना के समय घर पर नहीं थे परिवार के अन्य सदस्य

बताया जा रहा है कि घटना के समय ऊषा के ससुर बृजभूषण शर्मा गांव में चुनाव के दौरान एक प्रत्याशी के प्रचार के लिए गए हुए थे। वहीं, परिवार की सास और ननद, मनीषा और अंकित के दोनों बच्चों को लेकर खेत पर गई हुई थीं। घर में हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सीओ और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाई जानकारी

घटना की सूचना मिलने पर कठूमर सीओ जोगिंदर सिंह राजावत और खेरली थाना पुलिस दांतिया गांव पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटनाक्रम के बारे में जानकारी जुटाई। मां और दोनों बच्चों के शव खेरली कस्बे के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे के कारणों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।