
निलम्बित हरीश चौधरी व मांगलियावास थाने के नए थानाप्रभारी मनीष गुप्ता। फोटो: पत्रिका
अजमेर-मांगलियावास। कथिततौर पर पन्द्रह दिन पहले मादक पदार्थ तस्कर को मादक पदार्थ के साथ में पकड़ने के बाद छोड़ने के आरोपों में घिरे मांगलियावास थानाप्रभारी हरीश चौधरी को पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने निलंबित कर दिया। मामले की विभागीय जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालचन्द कायल को दी गई है। जानकारी के अनुसार एसपी अग्रवाला ने शुक्रवार देर रात मांगलियावास थानाप्रभारी चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया। प्रारंभिक पड़ताल में आया कि चौधरी पर करीब 15 दिन पहले करीब 2 किलो अफीम के साथ पकड़ने, नियमानुसार जब्त करके तस्कर के खिलाफ कार्रवाई ना करके, उसे बचाने की एवज में रुपए मांगने की शिकायत मिली थी।
अजमेर एसपी अग्रवाला ने आरोपों को गम्भीर मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया। हालांकि उन पर लगाए गए आरोप की विभागीय जांच में साबित होना बाकी है। निलम्बन की कार्रवाई से शनिवार सुबह जिला पुलिस में हड़कम्प मच गया। प्रकरण की जांच कर रहे एएसपी अजमेर ग्रामीण कायल का कहना है कि जांच दी गई है। आरोपों के तथ्यों की जांच कर रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
निलम्बित हुए निरीक्षक हरीश चौधरी पूर्व में दो बार लाइन हाजिर हो चुके हैं। वह मांगलियावास थाने में पूर्व में रह चुके हैं, लेकिन विभागीय कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर तात्कालीन एसपी ने उन्हें लाइन जाहिर किया था। पूर्व में मांगलियावास से हटाए जाने के बाद निरीक्षक चौधरी ने फिर अप्रेल में मांगलियावास थाने का कार्यभार सम्भाला था।
पूर्व में निरीक्षक चौधरी को मांगलियावास थानाप्रभारी रहते हुए एलपीजी सिलेंडर की अवैध रीफिलिंग का मामला पकड़ा जाने के बाद पुलिस कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया था। निलंबित थानाप्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि अधिकारियों के आदेशों की पालना की जा रही है और जांच में तथ्य सामने आ जाएंगे।
अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने कहा कि पुलिस कार्रवाई में अनियमितता और लापरवाही बरतने के मामले में मांगलियावास थाना प्रभारी हरीश चौधरी को निलंबित किया गया है। विभागीय जांच एएसपी अजमेर ग्रामीण को सौंपी है।
मांगलियावास थाना प्रभारी हरीश चौधरी के निलंबन के बाद सीआई मनीष गुप्ता को मांगलियावास थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला की ओर से उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए जाने के बाद सीआई मनीष गुप्ता ने शनिवार शाम कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने पर थाने के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में पंचायत राज चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। गुप्ता इससे पहले जयपुर पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय के साथ आदर्श नगर, भांकरोटा सहित जयपुर के विभिन्न थानों में सेवाएं दे चुके हैं। अजमेर जिले में थाना प्रभारी के रूप में यह उनकी पहली नियुक्ति है।
Updated on:
18 Oct 2026 10:53 am
Published on:
18 Oct 2026 10:53 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
