
रामायणी हनुमान मंदिर से पहले तिराहे पर जाम (फोटो - पत्रिका)
अलवर में शारदीय नवरात्र के दौरान करणी माता मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। रविवार को भी बड़ी संख्या में लोग माता के दर्शन करने पहुंचे। सुबह से ही मंदिर जाने वाले रास्ते पर वाहनों की भीड़ नजर आई। इस दौरान दोपहर के वक्त रामायणी हनुमान मंदिर से पहले तिराहे पर जाम लग गया। सड़क पर बाइकों की लंबी कतारें लगने से यातायात प्रभावित हुआ और पुलिस को व्यवस्था संभालने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
करणी माता मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या बढ़ने से तिराहे पर आवाजाही मुश्किल हो गई। बाइक और अन्य वाहनों की कतारें लगने से सड़क पर भारी जाम से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात को देखते हुए पुलिस ने कुछ समय के लिए यातायात रोका, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित हो सके। मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिसकर्मी वाहनों को नियंत्रित करने और जाम खुलवाने में जुटे रहे। नवरात्र के दौरान मंदिरों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर शहर का प्रसिद्ध करणी माता मंदिर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र बना हुआ है। नवरात्र के दौरान माता के दरबार में दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहता है। श्रद्धालु सपरिवार मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना कर रहे हैं। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के चलते मंदिर मार्ग पर भक्तों की आवाजाही आम दिनों के मुकाबले काफी अधिक रही। जयकारों से गूंजते मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला। लेकिन जाम के कारण लोगों को परेशानी भी हुई।
मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भीड़भाड़ वाले रास्तों पर सावधानी से वाहन चलाने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की जरूरत है। खासकर बाइक चालकों को कतार में चलना चाहिए और जल्दबाजी में आगे निकलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर यातायात प्रभावित हो सकता है, इसलिए संभव हो तो अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
Updated on:
18 Oct 2026 02:54 pm
Published on:
18 Oct 2026 02:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
