
अलवर में यूथ कांग्रेस चुनाव परिणाम (Youth Congress Election Result) सामने आने के बाद संगठन में नए पदाधिकारियों की घोषणा हो गई है। परमीत छिल्लर को अलवर जिलाध्यक्ष (Alwar District President) चुना गया है। परमीत छिल्लर को चुनाव में 13,454 वोट मिले। वहीं सद्दाम हुसैन को प्रदेश महासचिव (State General Secretary) चुना गया है। सद्दाम हुसैन को 11 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं।
जिला स्तर पर ओपन वर्ग में शैलेन्द्र अवस्थी और लियाकत खान को उपाध्यक्ष चुना गया है। शैलेन्द्र अवस्थी को 12,193 वोट मिले, जबकि लियाकत खान ने 4,017 वोट हासिल किए। जिला सचिव पद पर अरबाज खान चुने गए हैं। उन्हें 3,936 वोट मिले। एससी-एसटी वर्ग से राजेश मीणा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। उन्हें 180 वोट मिले।
महिला वर्ग में ममता मीणा उपाध्यक्ष चुनी गई हैं। ममता मीणा को 103 वोट मिले। वहीं ओबीसी वर्ग से बाबूलाल सैनी और सतवीर गुर्जर को उपाध्यक्ष चुना गया है। बाबूलाल सैनी को 3,326 वोट मिले, जबकि सतवीर गुर्जर को 644 वोट मिले। जिला सचिव पद पर पुष्पेंद्र कुमार शर्मा और विश्वेंद्र कुमार चुने गए हैं। पुष्पेंद्र कुमार शर्मा को 453 और विश्वेंद्र कुमार को 91 वोट मिले।
राजस्थान में यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष समेत जिला और विधानसभा स्तर के पदों के लिए मतदान हुआ था। प्रदेश अध्यक्ष पद के परिणाम में अभिषेक चौधरी को सबसे ज्यादा 6.15 लाख वोट मिले हैं, जबकि अनिल चोपड़ा को 5.45 लाख और राजकुमार परसवाल को 1.95 लाख वोट मिले। संगठन की प्रक्रिया के तहत प्रदेश अध्यक्ष पद पर अंतिम घोषणा के लिए आगे की प्रक्रिया भी निर्धारित है।
अलवर जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी यूथ कांग्रेस के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। अलवर शहर (Alwar City) विधानसभा अध्यक्ष पद पर रविंद्र चौधरी, अलवर ग्रामीण से अयूब खान, थानागाजी से रमेश घांघल, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ से सुमन गब्बर मीणा, कठूमर से सचिन जाटव और रामगढ़ से जुबेर खान को विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है।
परिणाम जारी होने के बाद कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष एमडी शाहून और युवा नेता दीनबंधु शर्मा ने नए पदाधिकारियों को बधाई दी। नए पदाधिकारियों के चयन के साथ अलवर में यूथ कांग्रेस के संगठन को विधानसभा और जिला स्तर पर नई टीम मिली है।