
अलवर. राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के अधीन संचालित जनाना अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को कलेवा (नाश्ता) वितरण की व्यवस्था में बदलाव होने जा रहा है। अब अस्पताल के महिला वार्डों में गर्भवती महिलाओं को कलेवा बांटने की जिम्मेदारी महिला स्वयं सहायता समूहों को दी जाएगी। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने 23 नवंबर तक टेंडर आमंत्रित किए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गठित ऐसे स्वयं सहायता समूह, जिन्हें संचालित हुए एक साल से अधिक समय हो चुका है, टेंडर प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
अभी तक निर्वाणवन फाउंडेशन की ओर से योजना के तहत जनाना अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को दूध, बिस्किट सहित नाश्ता उपलब्ध कराया जा रहा था। इस पर प्रति गर्भवती महिला 65 रुपए खर्च हो रहे थे। अस्पताल में प्रतिदिन करीब 300 से 350 गर्भवती महिलाओं को योजना के तहत नाश्ता और भोजन दिया जाता था। संस्था का कहना था कि महंगाई के चलते 65 रुपए की राशि में व्यवस्था संचालित करना मुश्किल हो रहा है। संस्था ने कई बार राशि बढ़ाने की मांग की, लेकिन राशि नहीं बढ़ने पर कलेवा वितरण जारी रखने में असमर्थता जता दी।
अभी तक संस्था की ओर से सामान्य चिकित्सालय में भी योजना के तहत निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा था। हालांकि नए टेंडर जारी होने के बाद यहां की निशुल्क व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। आगामी समय में सामान्य चिकित्सालय के लिए भी अलग से टेंडर जारी किए जा सकते हैं। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को मिलने वाली भोजन सुविधा की व्यवस्था में बदलाव की संभावना है।
बाजार में दूध के भाव 65 से 70 रुपए प्रति किलो, केला करीब 40 रुपए प्रति किलो और दलिया 50 से 60 रुपए प्रति किलो चल रहे हैं। ऐसे में 65 रुपए प्रति गर्भवती महिला की राशि में नाश्ता और भोजन की व्यवस्था करना संस्था के लिए चुनौतीपूर्ण हो रहा था।
अस्पताल में निर्वाणवन फाउंडेशन की ओर से कलेवा योजना के तहत काम किया जा रहा है। इसका खर्च प्रति गर्भवती महिला 65 रुपए आ रहा था। संस्था ने इतनी कम राशि में कलेवा देने में असमर्थता जाहिर की है। इसलिए नियमानुसार नए टेंडर जारी किए गए हैं - डॉ. प्रेम सैनी, पीएमओ, सामान्य चिकित्सालय