
Alwar Zila Pramukh Election: अलवर जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए सियासी घमासान अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। बाड़ाबंदी में गए भाजपा और कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य आज यानी मंगलवार को अलवर लौटेंगे। 25 नवंबर को जिला प्रमुख का चुनाव होगा और शाम तक परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। ऐसे में दोनों ही दलों ने अंतिम समय में अपने-अपने समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं। भाजपा खेमे से कांग्रेस की बाड़ाबंदी में शामिल एक-दो पार्षदों के पास फोन पहुंचने की चर्चा है, लेकिन बात सार्वजनिक होने से सेंध लगाने की कोशिश सफल नहीं हो सकी। अब भाजपा नेता पार्षदों के परिवार के लोगों से संपर्क साध रहे हैं।
भाजपा का दावा है कि तीन वोटों का समर्थन मिलते ही जिला प्रमुख की कुर्सी उसके पास होगी। पार्टी के बाड़े में फिलहाल नौ जिला पार्षद हैं, जबकि पांच अन्य का अंदरखाने समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस ने अपने पार्षदों की बाड़ाबंदी छत्तीसगढ़ और भाजपा ने कोलकाता में की है। इधर, कांग्रेस जिला प्रमुख प्रत्याशी के नाम की पहले से घोषणा करने के बजाय सीधे नामांकन कराने की रणनीति पर काम कर रही है, ताकि विरोध की स्थिति में डैमेज कंट्रोल किया जा सके।
चर्चा है कि पार्टी दो नामांकन भी करा सकती है। इनमें से एक निरस्त होने या पीछे हटने की स्थिति में दूसरा उम्मीदवार मैदान में रहेगा। कांग्रेस में पांच दावेदार हैं, जिनमें से अनुभव के आधार पर दो नाम शॉर्टलिस्ट किए जाने की चर्चा है। इनमें ललिता बाइ मीणा, विमला वर्मा, सुनीता गब्बर सहित कई नाम शामिल हैं। भाजपा में फिलहाल एक ही उम्मीदवार पर सहमति बताई जा रही है। हालांकि कांग्रेस में धड़ेबाजी उभरने पर भाजपा विरोधी खेमे के किसी दावेदार को आगे कर सकती है। हालांकि इसकी संभावनाएं कम नजर आ रही हैं।
जिला प्रमुख के लिए 39 में से 20 वोट चाहिए। अभी तक कांग्रेस के पास ही पूर्ण बहुमत है। भाजपा इससे काफी दूर है, लेकिन उम्मीदें नहीं छोड़ी हैं। दिन-रात नेता पसीना बहा रहे हैं। दोनों ही दलों के दिग्गज नेता आखिरी समय तक अपने समीकरण साधने के लिए दिन-रात पसीना बहा रहे हैं। अब सभी की नजर 25 नवंबर को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी है।