अलवर

Indian Railways: अलवर जंक्शन पर बनेगा एक और नया प्लेटफॉर्म, रेल मंत्री देंगे 111 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

Alwar News: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 15 मई को अलवर जंक्शन को 111 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अलवर आने का कार्यक्रम था। लेकिन, ऐन वक्त पर दौरा स्थगित हो गया है।
2 min read
May 14, 2026
Railway Minister Ashwini Vaishnaw Alwar Visit
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अलवर जंक्शन को देंगे 111 करोड़ की सौगात। पत्रिका फाइल फोटो

अलवर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 15 मई को अलवर जंक्शन को 111 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अलवर आने का कार्यक्रम था। लेकिन, ऐन वक्त पर दौरा स्थगित हो गया है। हालांकि, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अलवर में होने वाले कार्यक्रम से वर्चुअल जुड़ेंगे और कई बड़ी सौगात देंगे।

इससे पहले रेल मंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर डीआरएम रवि जैन ने अलवर जंक्शन का निरीक्षण किया। जैन ने रेलवे स्टेशन के बाहर और अंदर होने वाले कामों को देखा। जैन यहां से रेवाड़ी गए और वहां से लौटते समय फिर अलवर जंक्शन पर रुके।

डीआरएम रवि जैन ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर करीब 111 करोड़ रुपए की लागत से अलग-अलग आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इनमें अत्याधुनिक एस्केलेटर, फुटओवर ब्रिज, दोनों प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का निर्माण शामिल है। रेलवे की ओर से इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है।

अलवर स्टेशन पर बनेगा नया प्लेटफॉर्म

डीआरएम रवि जैन ने कहा कि 111 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के तहत अलवर स्टेशन पर एक नया प्लेटफॉर्म बनेगा। यात्रियों को एक नई एंट्री भी मिलेगी। द्वितीय प्रवेश द्वार की तरफ ही जी प्लस वन का भवन बनेगा। प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेट के साथ ही वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर लगेंगे।

2 नए ओवरब्रिज भी बनाए जाएंगे

दो छह मीटर के नए ओवरब्रिज भी बनाए जाएंगे। दिव्यांगों के स्टेशन में प्रवेश के लिए रैम्प भी बनाया जाएगा। वेटिंग हॉल व रिटायरिंग रूम के साथ ही एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज बनेंगे। साथ ही, खाने की स्टॉल्स भी लगेगी। अलवर स्टेशन का कायाकल्प होने के बाद रेल यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

ट्रेन से आ सकते हैं रेलमंत्री

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ट्रेन से अलवर आ सकते हैं। अभी कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। उनके आगमन को देखते हुए प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पांडाल बनेगा। अगर वे ट्रेन से नहीं आते हैं तो मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद जंक्शन का निरीक्षण कर सकते हैं। उनके दौरे को लेकर स्टेशन पर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया जा रहा है। डीआरएम रवि जैन ने डीआइजी शशि कुमार के साथ फिर स्टेशन का निरीक्षण किया था।

रेलमंत्री के साथ हो चुकी है भूपेंद्र यादव की बैठक

अलवर जंक्शन पर होने वाले विकास कार्यों को लेकर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ केंद्रीय वनमंत्री भूपेंद्र यादव की बैठक हो चुकी है। उनके साथ अलवर के कई विधायक भी साथ रहे थे।

सीएम भजनलाल शर्मा का दौरा भी स्थगित

गौरतलब है कि इसी दिन राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी अलवर दौरा प्रस्तावित था। लेकिन, सीएम भजनलाल शर्मा का भी अलवर दौरा स्थगित हो गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सीएम भजनलाल शर्मा अलवर दौरे पर आने वाले थे। लेकिन, अब वर्चुअली ही जिलेवासियों को करोड़ों रुपए की कई सौगात देंगे।

Updated on:
14 May 2026 04:57 pm
Published on:
14 May 2026 01:06 pm