
अलवर. शहर में पुलिस कन्ट्रोल रूम के पास स्थित खण्डेलवाल धर्मशाला के सामने रविवार रात शराब के नशे में सो रहे युवक के सिर पर एक बदमाश ने लूट के इरादे से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाश ने यह हमला पत्र से किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि खण्डेलवाल धर्मशाला के पास गली निवासी श्रीपाल यादव टैक्सी चालक है। वह रविवार रात शराब के नशे में गली के बाहर एक दुकान के चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान गुर्जर गली निवासी राजू पंजाबी वहां आया उसने नशे की हालत में सो रहे श्रीपाल की जेब से रुपए निकालने का प्रयास किया। लेकिन जेब में कुछ नहीं मिला इतने में श्रीपाल नींद से जाग गया। फिर राजू पंजाबी पास से एक पत्थर उठाकर लाया और श्रीपाल के सिर पर दे मारा जिससे वह गंभीर घायल होकर वहीं बेहोश हो गया। सुबह जब लोग मार्केट पहुंचे तो घटना का पता चला। मौके पर काफी खून और श्रीपाल बेहोश पड़ा था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी राजू पंजाबी को हिरासत में ले लिया है।