अलवर

Rajasthan News : हॉर्न बजाने पर बवाल. गर्भवती महिला और देवर से बेरहमी से मारपीट

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर कस्बे के अलवर बायपास रोड पर हॉर्न बजाने की बात को लेकर बाइक सवार युवकों ने एक अन्य बाइक से जा रहे गर्भवती महिला और उसके देवर के साथ बेरहमी से मारपीट की।
2 min read
Apr 02, 2026
Bansur
फोटो-सीसीटीवी फुटेज का स्क्रीनशॉट

बानसूर (अलवर)। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर कस्बे के अलवर बायपास रोड पर हॉर्न बजाने की बात को लेकर बाइक सवार युवकों ने एक अन्य बाइक से जा रहे गर्भवती महिला और उसके देवर के साथ बेरहमी से मारपीट की। महिला के पेट में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे की है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

अस्पताल से दिखाकर लौट रहे थे गांव

डीएसपी मेघा गोयल ने बताया कि नितिन निवासी मुकंदपुरा अपनी गर्भवती भाभी नीतू को अस्पताल से दिखाकर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान अलवर बायपास रोड पर साइड लेते समय बाइक सवार युवकों से हॉर्न बजाने की बात को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर बाइक सवार युवकों ने पहले देवर के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने फोन कर अपने अन्य साथियों को बुला लिया।

गर्भवती महिला के पेट में लगी चोट, हालत गंभीर

थोड़ी देर में एक कार और एक अन्य बाइक सवार 4-5 युवक मौके पर पहुंचे और दोनों के साथ जमकर मारपीट की। पीड़ित देवर के मुताबिक, इस दौरान उसकी गर्भवती महिला के पेट में चोट लगने से वह सड़क पर गिर गई और उसकी हालत गंभीर हो गई।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मारपीट के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद दुकानदारों ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। मारपीट करने वाले युवक अपनी कार और बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

पांच के खिलाफ मामला दर्ज

घायलों से जानकारी ली और दोनों वाहनों को जब्त कर थाने ले गई। इस संबंध में पीड़ित नितिन ने दो नामजद सहित चार-पांच जनों के खिलाफ मारपीट एवं जाति सूचक शब्द कहने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच डीएसपी मेघा गोयल को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Updated on:
02 Apr 2026 07:20 pm
Published on:
02 Apr 2026 07:20 pm